राजनांदगांव

शिवालयों और मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
21-Aug-2023 3:05 PM
शिवालयों और मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

 शिवलिंग का किया दुग्धाभिषेक व नागदेवता को चढ़ाए दूध

छत्तीसगढ़ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 अगस्त। सावन के सातवें सोमवार और नागपंचमी पर्व संयोगवश एक ही दिन होने से मंदिरों में आज सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह से ही भक्तगण मंदिरों में पहुंचकर शिवलिंग में जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर अन्य पूजन सामग्रियां अर्पित की। वहीं नागपंचमी अवसर पर पूजा-अर्चना करने के साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा नागदेवता के लिए दूध भी रखे गए।

सावन सोमवार और नागपंचमी पर्व संयोगवश एक ही दिन होने से लोगों में जहां उत्साह का आलम रहा। वहीं मंदिरों में भक्तों की भीड़ सुबह से ही उमड़ती रही। शिवालयों में महिलाएं, युवतियां व बच्चे भी बड़ी संख्या में पहुंचकर जलाभिषेक किया। इसके अलावा भक्तों ने बेलपत्र, धतुरा, फूल समेत अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर अपनी मनोकामना के लिए प्रार्थना की। वहीं नदी किनारे से भक्त कांवर में जल लेकर मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और अपने परिजनों की मंगल कामना के लिए प्रार्थना की। सुबह से ही मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की जयकारे के साथ मंदिरों में घंटियां सुनाई दी। इसके अलावा मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की गीत-संगीत भी चलती रही।

बताया जाता है कि पूरे सोमवार को व्यापारिक, धार्मिक एवं अन्य कार्यों के लिए शुभ माना जा रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भक्तगण सोमवार को व्रत रखने के अलावा भगवान शिव की प्रासंगिकता को व्यवहारिक जीवन में उतारने का संकल्प लेते हैं। सावन माह में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए युवतियों की खास रूचि होती है। युवकों की तुलना में युवतियां पूरे माह कठिन उपवास रखकर मनवांछित कामना करती है। यही कारण है कि शिवालयों में सभी वर्ग में युवतियों की तादाद अधिक होती है। इधर सातवें सावन सोमवार को सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक करने के साथ ही भक्तों ने दूध से भी शिवलिंगो को स्नान कराया। इसके अलावा धतुरा, बेलपत्री समेत अन्य पूजा सामग्री को भी भक्तों ने भगवान शिव को अर्पित किया। वहीं नागपंचमी पर्व पर शहर के ढ़ीमरपारा स्थित नागेश्वर मंदिर में सुबह से ही महिला-पुरूष श्रद्धालुओं ने पहुंचकर नागदेवता को दूध अर्पित की। सुबह से ही मंदिरों में लोगों द्वारा पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा।

 बाली अखाड़ा व व्यायाम शाला में पूजा-अर्चना

सावन के सातवें सोमवार और नागपंचमी पर्व संयोगवश एक ही दिन होने से बांसपाई पारा स्थित बाली अखाड़ा व व्यायाम शाला में उस्तादों ने पूजा-अर्चना की। वहीं छग राज्य पर्यटन मंडल सदस्य निखिल द्विवेदी ने भी व्यायाम शाला में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान पार्षद शरद पटेल समेत बाली अखाड़ा के उस्तादों के अलावा सदस्यगण व अन्य लोग शामिल थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news