खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

नपं ने मनाई गांधी जयंती कर्मचारियों का किया सम्मान
03-Oct-2023 3:43 PM
नपं ने मनाई गांधी जयंती  कर्मचारियों का किया सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गंडई, 3 अक्टूबर।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर नगर पंचायत गंडई द्वारा निकाय के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निकाय के सफाई दीदी, प्लेसमेंट कर्मचारी, नल-जल शाखा, नियमित कर्मचारी, स्कूल के शिक्षक, विभिन्न विभागों के रिटायर्ड कर्मचारी, पार्षदगण, अध्यक्ष, सीएमओ उपस्थित रहे थे। 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था कि सफाई के क्षेत्र में योगदान देने वाले शासकीय, अद्र्धशासकीय एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों का सम्मान करना और सफाई से संबंधित शपथ दिलाना। सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण करते तिलक लगाकर पूजा-अर्चना और जयघोष करवाया गया। इसी के साथ कार्यक्रम को गति दी गई।

इस अवसर पर विष्णुदत्त तिवारी, विष्णु सिंह ठाकुर समेत वन विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि महात्मा गांधी का भारत की आजादी में अतुलनीय योगदान रहा है। उनके आदर्श आज भी हम सबके लिए अनुकरणीय है। हम सबको उनके आदर्शों पर चलना चाहिए। तत्पश्चात नगर पंचायत अध्यक्ष चेतन देवांगन ने कहा कि 2 अक्टूबर को बापू महात्मा गांधी की जयंती है। उनके जयंती पर सच्ची श्रद्धांजलि देने बीते कल एक घंटा का स्वछता अभियान चलाया गया है। स्वच्छ भारत बापू का सपना था, उनके सपने को साकार करना हम सबकी जिम्मेदारी है। 

इस दौरान अध्यक्ष एवं पार्षदों द्वारा सफाई विभाग, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वाले, स्वच्छता दीदीयों एवं समस्त कर्मचारियों को खाने की स्टील थाली, प्रशस्ति पत्र, श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों, मीडिया कर्मियों को भी सम्मान किया गया, कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष चेतन देवांगन, सीएमओ गिरीश साहू, पार्षद सूरज नामदेव, क्रांति ताम्रकार, नीलम नामदेव, स्वच्छता प्रभारी कमल किशोर नेताम सहित मणीकंचन केंद्र से स्वच्छता सुपरवाइजर राखी खान, संजू देवांगन, गायत्री देवांगन, सलविंदर कौर व अन्य लोग शामिल थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news