दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 7 नवंबर। विधानसभा चुनाव अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र दंतेवाड़ा (88) के मतदान केंद्रों में उत्साह के मध्य मतदान हुआ। मतदाताओं द्वारा निजी कार्यों को छोडक़र मतदान को प्रतिबद्धता के साथ किया गया। दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में करीब 59 फ़ीसदी वोटिंग दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा कें कई मतदान केंद्रों में निर्धारित समय 7 बजे से पूर्व से ही मतदाता मतदान केंद्र में पहुंच गए थे। मतदान कर्मचारियों द्वारा मॉक पोल के उपरांत मतदान आरंभ कराया गया। जिसमें लोगों ने अपने वोट डाले।
गढ़मिरी में 80 फीसदी वोटिंग
जिले के गढ़मिरी गांव में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। सुबह से ही ग्रामीणों में मतदान करने के प्रति जोश नजर आ रहा था। मतदान समाप्ति के निर्धारित समय 3 बजे तक मतदाता पहुंचते रहे और अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस ग्राम पंचायत के पिचलीपारा मतदान केंद्र में 80 फ़ीसदी लोगों ने वोट डाले और लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाया। इस गांव में तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे। सभी मतदान केंद्रों में बेहतर मतदान दर्ज किया गया।
दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव अंतर्गत करीब 50 फ़ीसदी वोटिंग दर्ज की गई। इस दौरान महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। महिला मतदाताओं में विशेष उत्साह नजर आया। वरिष्ठ नागरिक वोटरों द्वारा भी मतदान के अधिकार का भरपूर उपयोग किया गया।