बेमेतरा

कलेक्टर पहुंचे हसदा धान उपार्जन केंद्र, किसानों से भी बात की
22-Nov-2023 2:51 PM
कलेक्टर पहुंचे हसदा धान उपार्जन केंद्र, किसानों से भी बात की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 22 नवंबर। मंगलवार को कलेक्टर पीएस एल्मा ने धान उपार्जन केंद्र ग्राम हसदा पहुंचकर समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने खरीदी केंद्र में की गई आवश्यक व्यवस्थाओं, धान खरीदी की दरों, पंजीकृत किसानों की संख्या, फड़ की व्यवस्था और धान खरीदी के लिए समितियों में की गई तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने धान बेचने आए किसानों से चर्चा की और धान तौलाई का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने किसानों से धान की तौलाई, भुगतान की स्थिति और सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

उन्होंने केंद्र में संधारित की जा रही पंजियों का भी अवलोकन किया। धान की गुणवत्ता व निर्धारित मापदंड अनुसार धान खरीदी की जानकारी ली। उन्होंने धान खरीदी में एप के माध्यम से टोकन की व्यवस्था के संबंध में समिति के सदस्यों से चर्चा की। एल्मा ने इस सुविधा के संबंध में किसानों को अधिक से अधिक जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों को टोकन के लिए धान खरीदी केन्द्र आने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे भीड़ में कमी आएगी। उन्होंने बायोमेट्रिक सिस्टम से हो रही धान खरीदी का मुआयना भी किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं समिति प्रबंधक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

802842 मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य  जिले में खरीफ सीजन में जिले में 158529 किसानों ने धान विक्रय के लिए सहकारी समितियों में पंजीयन कराया है। पिछले साल 1 लाख 53 हजार किसानों ने धान बेचने के लिए सहकारी समितियों में पंजीयन कराया था, जिनका रकबा 1 लाख 83 हजार 242 हेक्टेयर था।

 जो बढ़ कर इस साल 1 लाख 85 हजार 928 हेक्टेयर हो गया है।

इस साल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य 802842 मैट्रिक टन है। पिछले साल अनुमानित लक्ष्य 679187 मैट्रिक टन था। इसके साथ ही जिले मे धान खरीदी केंद्रों से धान का उठाव शुरू हो गया है। उठाव होने से अब खरीदी केंद्रों में धान रखने के लिए जगह की कमी नहीं रहेगी। कलेक्टर एल्मा ने कहा कि किसी भी दशा में धान खरीदी में कोई बाधा उत्पन्न ना हो, इसके लिए सतर्क रहें। अवैध धान परिवहन पर सख्त कार्रवाई करें। धान खरीदी में गड़बड़ी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में जिला प्रशासन की ओर से किसानों के लिए समुचित व्यवस्था की गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news