बेमेतरा

खातों में रकम डालने की योजना भी महिलाओं को बूथों तक नहीं खींच पाई, 1,57,237 वोटर्स ने नहीं निभाया फर्ज
24-Nov-2023 3:20 PM
 खातों में रकम डालने की योजना भी महिलाओं को बूथों तक  नहीं खींच पाई, 1,57,237 वोटर्स ने नहीं निभाया फर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 24 नवंबर।
जिलेे में स्वीप कार्यक्रम चलाए जाने के बाद भी इस बार मतदान प्रतिशत बीते चुनाव की अपेक्षा इस बार केवल 1.59 फीसदी मतदान हुआ। जिले के साजा, बेमेतरा व नवागढ़ विधानसभा में करीब 82 हजार से अधिक मतदाता अधिक रहे। जिले में स्वीप कार्यक्रम का असर ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक, वहीं शहरी क्षेत्रो में कम नजर आया है। जिले में इस बार 79.51 प्रतिशत मतदान हुआ है।

जिले में इस बार बीते तीन माह से स्वीप कार्यक्रम के तहत लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के लिए प्रयास किया गया पर स्वीप का असर शहरी क्षेत्रों में कम नजर आया। साजा विधानसभा में 105427 पुरूष व 103185 महिला मतदाताओं समेत कुल 208612 मतदाताओं ने मतदान किया है। इसी तरह बेमेतरा विधानसभा में 98665 पुरूष एवं 97512 महिला मतदाताओं सहित 196177 मतदाताओं व नवागढ़ विधानसभा मं 103095 पुरूष मतदातता, 99486 महिला मतदाताओं समेत 202582 मतदाताओं ने मतदान किया है। जिले के 764614 मतदाताओं में से 607371 मतदाताओं ने मतदान किया है। बीते 2018 के दौरान जिले के तीनों विधानसभा में 682829 मतदाता थे। तब 525867 मतदाताओं नें मतदान किया था। जिले में बीते चुनाव की अपेक्षा इस बार 81785 मतदाता अधिक रहे।

 नवागढ़ में सबसे अधिक मतदाताओं ने नहीं दिया मत

लोकतांत्रिंक व्यवस्था की मजबूती के लिए जरूरी मतदान के प्रति लोगों की उदासीनता ने शत-प्रतिशत मतदान प्रतिशत के लक्ष्य को प्रभावित किया है। जिले में साजा विधानसभा में कुल 41251 मतदाताओं ने मतदान नहीं किया। वहीं बेेमेतरा विधानसभा में 50955 मतदाताओं व नवागढ़ विधानसभा में 64132 मतदाताओं नें मतदान नहीं किया।

77 हजार पुरूषों ने तो 79 हजार महिलाओं ने मत नहीं डाले 

सरकारी प्रयासों बाद भी मतदाताओं की उदासीनता का परिणाम है कि जिले के 384656 पुरूष मतदाताओं में से 307187 पुरूषों ने मतदान किया। वहीं 77469 पुरूषों ने मतदान नहीं किया। वहीं 379951 महिला मतदाताओं में से 300183 महिला मतदाताओं ने मतदान किया है। 79768 महिलाओं ने मतदान नहीं किया है। जिले में कुल 157237 मतदाताओं ने मतदान नहीं किया है।

मतदाता    मतदान किया    मत नहीं     डाला
बेमेतरा     247132      196177 50955
साजा      250768      208617    42151
नवागढ़  266714     202582 64132

महिलाओं को मतदान केन्द्र तक नहीं ला पाई घोषणाएं 

जिले में हजारों की संख्या में महिलाओं ने मतदान नहीं किया है। जिले के तीनों विधानसभा में मतदान नहीं करने वाली महिलाओं की संख्या कांग्रेस व भाजपा दोनो के लिए चिंता का कारण बन सकती है। बताना होगा कि चुनावी घोषणा पत्र में दोनो दलों के द्वारा महिलाओं को लुभाने के लिए खाते में रकम डालने का वादा किया गया था पर जिले के साजा, बेमेतरा व नवागढ़ विधानसभा में 79768 ने मतदान नहीं किया है।

विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत

2018 के दौरान
बेमेतरा                    78.39 प्रतिशत
  साजा                      82.86 प्रतिशत
  नवागढ़                    73.10 प्रतिशत
2023 के दौरान
बेमेतरा                    79.39 प्रतिशत
  साजा                      83.19 प्रतिशत
   नवागढ़                    75.59 प्रतिशत

स्वीप प्रभारी लीना कमलेश मंडावी नें जानकारी दी कि जिले में कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों को चिन्हित कर लगातार जागरूक किया गया है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत बढ़ा है। वहीं शहरी क्षेत्रों में इस तरह की स्थिति नहीं है। इस पर भी समीक्षा की जाएगी।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news