खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

समीक्षा बैठक में विक्रांत सिंह ने कहा, भाजपा का हर कार्यकर्ता मेरा परिवार
24-Nov-2023 8:30 PM
समीक्षा बैठक में विक्रांत सिंह ने कहा, भाजपा का हर कार्यकर्ता मेरा परिवार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 24 नवंबर। गुरुवार को खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नेताओं व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में बूथ व मंडलवार समीक्षा की गई जिसके पश्चात भाजपा प्रत्याशी विक्रांत सिंह सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा में भाजपा की जीत सुनिश्चित है।

भाजपा प्रत्याशी विक्रांत सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता मेरे लिए परिवार का हिस्सा है। मैंने अपने से छोटे को अपना छोटा भाई व बड़ों को परिवार के बड़ों की तरह सम्मान दिया है, फिर भी चुनाव के दौरान कहीं किसी कार्यकर्ता में नाराजगी रही हो तो नाराजगी को हमेशा बनाये ना रखें। मेरे दिल में आप सभी के लिए सम्मान है।

उन्होंने मंडल वार समीक्षा रिपोर्ट को बताते हुए कहा कि जो साल्हेवारा में लीड लेता है वही खैरागढ़ विधानसभा का चुनाव जीतता है। इस चुनाव में हम साल्हेवारा के साथ छुईखदान, खैरागढ़ शहर,खैरागढ़ ग्रामीण में लीड लेंगे और फीडबैक के मुताबिक सबसे अच्छी स्थिति गंडई मंडल में रहेगी। इस तरह हम खैरागढ़ विधानसभा जीतेंगे।

प्रदेश से पहुंचे वरिष्ठ नेता जगदीश रोहरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने उपचुनाव में यहां काम किया है। मुझे पता है कि खैरागढ़ विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ता निष्ठावान हैं जिनके काम पर कोई संदेह नही है उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश से भी समीक्षा की है, जिसके आधार पर मैं कह सकता हूं कि खैरागढ़ विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी विक्रांत सिंह 10 हजार वोटों से जीत रहे हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष घम्मन साहू ने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में हमारी जीत सुनिश्चित है। पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने कहा कि मैंने भी पिछला चुनाव लड़ा किन्तु इस बार कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह से काम किया उसकी बदौलत भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित है।

विधानसभा चुनाव संचालक सचिन बघेल ने कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाने वाली है बस 3 दिसंबर का इंतजार है, जब खैरागढ़ में भाजपा की जीत का विजय जूलूस निकलेगा।

विधानसभा प्रभारी मूलचंद लोधी, जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू,पूरन जंघेल,रामाधार रजक,तीरथ चंदेल,गिरिराज किशोर दास वैष्णव,आनंद सिन्हा,जीवनदास रात्रे,हरप्रसाद वर्मा, मंजीत सिंह,सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news