बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 21 जनवरी। दिल्ली से बिलासपुर के लिए निकली फ्लाइट को प्रयागराज में मौसम खराब होने का हवाला देते हुए निरस्त कर दिया गया। इससे यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने करीब 2 घंटे तक फ्लाइट को प्रयागराज में घेर लिया था। पूरा किराया वापस करने का आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ।
शनिवार को दिल्ली से वाया प्रयागराज बिलासपुर आने वाली फ्लाइट करीब 4 घंटे देर से रवाना की गई। देरी की वजह बताई गई कि गणतंत्र दिवस समारोह का रिहर्सल चल रहा है जिसके कारण फ्लाइट नो फ्लाइंग जोन में उड़ान नहीं भर पा रहा है। उड़ान भरने के बाद प्रयागराज पहुंचने पर फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। इस बार कोहरे को कारण बताया गया। यात्रियों को सूचना दी गई कि मौसम खराब होने के कारण बिलासपुर में फ्लाइट नहीं उतर सकती। इससे नाराज यात्रियों ने रनवे पर ही हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा कि जब हमने टिकट बुक कराई थी तो बताया गया था कि मौसम साफ है और बिलासपुर तक फ्लाइट जाएगी। अचानक आगे की यात्रा रद्द कर देने से कई यात्रियों ने शेयर में टैक्सी की और सडक़ मार्ग से बिलासपुर आए। कुछ अन्य यात्री दिल्ली वापस लौट गए। एलाइंस एयर ने आश्वासन दिया है कि यात्रियों का पूरा किराया लौटाया जाएगा।
दूसरी ओर प्रयागराज जाने के लिए बिलासा एयरपोर्ट पर भी यात्री पहुंच गए थे। फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा।
ज्ञात हो कि बिलासा एयरपोर्ट में लाइटिंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण कोहरे और बारिश के दिनों में अचानक कई बार फ्लाइट कैंसिल की जा चुकी है।