महासमुन्द

साढ़े 59 लाख का गांजा बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार
20-Feb-2024 2:27 PM
साढ़े 59 लाख का गांजा बरामद,  5 तस्कर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 फरवरी।
मादक पदार्थ गांजा के विरुद्ध रविवार को एक बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस ने सोमवार को फिर 3 मामलों में 59.40 लाख रुपए कीमत का 1.38 क्विंटल गांजा वाहनों से जब्त कर 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूचना मिलने पर सिंघोड़ा पुलिस ने सोमवार को एनएच-53 पर ग्राम रेहटीखोल जाकर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद जामुनी रंग की कार क्रमांक सीजी 07 एएच-2415 वहां आई। जिसे रोकने का इशारा करने पर कार में सवार दोनों व्यक्ति कार छोडक़र भागने लगे। तब पुलिस ने दौड़ाकर दोनों को पकड़ा। 

पूछताछ में उन्होंने कार में गांजा रखना स्वीकार करते हुए बताया कि गांजा को सोनपुर ओडिशा से दतिया मप्र ले जा रहे थे। पुलिस ने पिछली सीट व डिक्की में बने विशेष चेंबर से 70 पैकेट वजन कुल 100 किलोग्राम गांजा कीमत 50 लाख रूपए जब्त किया। चार लाख रुपए की कार व नगद 2 हजार रुपए के 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए।

इसी तरह मुरमुरी क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर गई सिंघोड़ा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक लाल रंग की बाइक एनएच-53 पर दिनेश ढाबा के पास पकड़ा। बाइक की सीट के नीचे उन्होंने 3 लाख रुपए कीमत का 6 किलो गांजा छिपा रखा था। विभुन साव तथा बिरा साहू दोनों निवासी ब्राम्हणी थाना. कसमरा ओडिशा को गिरफ्तार कर उनसे गांजा, 2 मोबाइल कीमत 10 हजार रुपए, नगद 500 रुपए जब्त किए।

तीसरे प्रकरण में कोमाखान पुलिस ने ओडिशा से बागबाहरा की ओर आ रही पुरानी वाहन बोलेरो को सुअरमार चौक के पास नाकाबंदी कर रोका। वाहन में सवार रोहित सागर  दुर्ग वर्तमान पता ओडिशा तथा बगल में बैठे बिरेंद्र ओडिशा से वाहन की छत पर बने चेंबर से 32 किलो गांजा कीमत 6.40 लाख रुपए, बोलेरो वाहन कीमत 5.50 लाख, 2 मोबाइल कीमत 17 हजार रुपए और 13 सौ रुपए नगद जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों मामलों में धारा 20 बी नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news