महासमुन्द

प्रदेश का पहला आर्ष कन्या गुरुकुल महासमुंद के बीके बाहरा में, 24 को भूमिपूजन
21-Feb-2024 3:11 PM
प्रदेश का पहला आर्ष कन्या गुरुकुल महासमुंद  के बीके बाहरा में, 24 को भूमिपूजन

कन्याओं को दी जाएगी शस्त्र, शास्त्र, संस्कार के साथ आधुनिक शिक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 फरवरी।
जिले के बागबाहरा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम बीके बाहरा में छग का प्रथम आर्ष कन्या गुरुकुल का भूमिपूजन 24 फरवरी को होने जा रहा है। इसके लिए हेमलता साहू और विक्रम लाल ने 2 एकड़ जमीन दान दी है। यह गुरुकुल जन सहयोग से मूर्तरूप होगी। इसके लिए दानदाताओं की सहभागिता भी अपेक्षित की गई है। स्थानीय प्रेस क्लब में पत्रकारों को जानकारी देते हुए पंतजलि योगपीठ के स्वामी नरेंद्र देव जी महाराज ने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार मिले, इस भावना से यह गुरूकुल संचालित होगा।

उन्होंने बताया कि गुरूकुल में आधुनिक शिक्षा के साथ साथ वैदिक संस्कार दिए जाएंगे। छग का यह पहला कन्या गुरूकुल आश्रम होगा जिसमें कन्याएं रहकर शस्त्र, शास्त्र और संस्कार के साथ-साथ अत्याधुनिक शिक्षा ग्रहण करेगी। उन्होंने बताया कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ वेद शास्त्र का अध्ययन भी किया जाएगा। इसके लिए भारतीय शिक्षा बोर्ड का गठन किया जा चुका है और 15 राज्यों में भारतीय शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत अध्ययन शुरू हो गया है। 

बीकेबाहरा में खुलने वाले कन्या गुरूकुल का संचालन आर्ष ज्योति सेवा संस्थान कोसरंगी के माध्यम से होगा। कोसरंगी संस्थान आमसेना गुरूकुल आश्रम से संचालित है। गौरतलब है कि महासमुंद जिले के कोसरंगी गांव में लंबे समय से एक गुरुकुल का संचालन किया जा रहा है। यहां शिक्षा-दीक्षा लेने वाले गुरुओं और शिष्यों ने देश के विभिन्न स्थानों में योग और तीरंदाजी आदि में जिले के साथ-साथ देश का नाम रौशन किया है। कहा जा रहा है कि बीके बाहरा में भी 5 वीं कक्षा के बाद बच्चियों को आत्मरक्षा के साथ-साथ सारे संस्कार सिखाए जाएंगे। 

इस गुरुकुल के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री अरूण साव पहुंचेंगे, वहीं गुरुकुल आश्रम आमसेना के संस्थापक स्वामी धर्मानंद सरस्वती कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। बतौर विशेष अतिथि सांसद चुन्नीलाल साहू, विधायक द्वारिकाधीश यादव, योगेश्वर राजू सिन्हा, संपत अग्रवाल, अनुज शर्मा मौजूद रहेंगे। इसके अलावा जिले के अन्य प्रतिनिधिगण भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

योगाचार्य तिलक साव ने बताया कि आर्ष कन्या गुरूकुल बीके बाहरा के भूमिपूजन के अवसर पर तीन दिवसीय नि:शुल्क योग व यज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन 22 से 24 फरवरी तक सुबह साढ़े 6 से 9 बजे तक किया गया है। बताया कि यज्ञ चिकित्सा में रोग के अनुसार यज्ञ विधान से उपचार करने की विधि है। जिसमें अनेक रोगों से छुटकारा पाया जा सकता है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news