गरियाबंद

नारी सशक्तिकरण के लिए मील का पत्थर बनेगी महतारी वंदन योजना-रोहित साहू
11-Mar-2024 2:06 PM
नारी सशक्तिकरण के लिए मील का पत्थर बनेगी महतारी वंदन योजना-रोहित साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 11 मार्च। नगर पंचायत राजिम के सांस्कृतिक भवन में शासन के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सशक्त महिला मजबूत प्रदेश की थीम के साथ महतारी वंदन सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश की 70 लाख 12 हजार 800 पात्र महिला आवेदकों महतारी वंदन योजना के प्रथम किस्त कि राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई।

कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअली जुड़े तथा प्रदेश की मातृशक्तियों को संबोधित किए। इस योजना के तहत पहले चरण में 655 करोड़ 57 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर की गई। राज्य के 146 विकासखंड, जिला मुख्यालय और नगरीय निकाय में कार्यक्रम का आयोजन कर हितग्राहियों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई। राजिम के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रोहित साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सोनकर ने की। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सभापति मधुबाला रात्रे, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा, नगर पंचायत के सभापति पूर्णिमा चंद्राकर, पुष्पा गोस्वामी, अनीता यादव आदि शामिल हुए।

इस दौरान उपस्थित हितग्राहियों को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने सभी माताओं का अभिनंदन किया और इस योजना के लाभ मिलने पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने इस योजना के लागू होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार किया। उन्होंने कहा कि जब नारी सशक्त होती है तब राष्ट्र भी मजबूत होता है। देश की आधी आबादी की चिंता हमारे प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री जी ने की है। नारी सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना मील का पत्थर बनेगी, मोदी की गारंटी से तरक्की का रास्ता खुल रहा है। आज महतारी वंदन की बारी है अब दो दिन बाद किसान वंदन भी हमारी सरकार करने जा रही है और सभी किसानों के खातों में अंतर की राशि का भुगतान सुनिश्चित कर रहे हैं।

नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सोनकर ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है। उनके अनेक योजनाओं से जनजीवन में व्यापक परिवर्तन हुआ है। अब नारियों के सम्मान में यह योजना लागू की गई है जिसके लिए सभी माताएं बधाई के पात्र हैं।

इस दौरान मुख्य रूप से कलेक्टर दीपक अग्रवाल, एसडीएम अर्पिता पाठक, तहसीलदार अजय चंद्रवंशी, सीएमओ अशोक सलामे, खाद्य विभाग से सोनाली ठाकुर, महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी कौशलेश देवांगन, दीपक गिलहरे, पार्षद टंकू सोनकर, भरत यादव, छाया राही सहित बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं, अधिकारी कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस दौरान अतिथियों द्वारा हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड भी प्रदान किया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news