राजनांदगांव

पर्यावरण संरक्षण व ग्राम विकास के लिए मिलकर करें कार्य- रमन
05-Jul-2024 4:01 PM
पर्यावरण संरक्षण व ग्राम विकास के लिए मिलकर करें कार्य- रमन

 जिले के पंचायतों में किया गया 40 हजार से अधिक पौधरोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 5 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह बुधवार को ग्राम बरगा में वृक्षारोपण महाभियान में शामिल हुए। विस अध्यक्ष ने आरसेटी परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बरगा (आरसेटी) में जिला प्रशासन द्वारा जल संरक्षण के लिए चलाए जा रहे मिशन जल रक्षा अंतर्गत बोरवेल रिचार्ज साफ्ट सैंड फिल्टर का भी शुभारंभ किया।

उन्होंने मिशन जल रक्षा के विभिन्न घटकों बोरवेल रिचार्ज साफ्ट सैंड फिल्टर निर्माण एवं जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी भी ली। डॉ. सिंह ने कहा कि सभी मिलकर ग्राम के विकास के लिए कार्य करें। पर्यावरण संरक्षण सबकी जिम्मेदारी है, जिसके लिए पौधरोपण जरूरी है। ज्यादा से ज्यादा छायादार एवं फलदार पौधे लगाएं। फलदार पौधों से समूह की महिलाओं को आमदनी भी होगी। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे तो इसका परिणाम अच्छा रहेगा। उन्होंने परिसर में आम, अमरूद, आंवला, जामुन, मुनगा, चीकू, बेर, केला सहित अन्य पौधों का अवलोकन किया और प्रशंसा की।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि सेन्ट्रल ग्राऊण्ड वाटर बोर्ड के सर्वे के अनुसार डोंगरगांव, डोंगरगढ़ एवं राजनांदगांव क्रिटिकल जोन में आ गए हैं। लगातार बोर एवं पंप से जल दोहन के कारण भू-जल स्तर में गिरावट आई है। जिले में मिशन जल रक्षा के तहत विभिन्न जलीय संरचनाओं के माध्यम से भू-जल स्तर को बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए डबरी निर्माण, तालाब निर्माण, परकोलेशन टैंक, एवं अन्य वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हंै।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news