राजनांदगांव

अवैध निर्माण, निजी अस्पताल पर 40 लाख जुर्माना
15-Jul-2024 1:30 PM
अवैध निर्माण, निजी अस्पताल पर 40 लाख जुर्माना

 निगम की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 15 जुलाई। स्टेडियम चौक के समीप  एक निजी अस्पताल पर निगम ने अवैध निर्माण के मामले में बड़ी कार्रवाई करते लाखों रुपए का जुर्माना ठोका है। नगर निगम के पास निजी अस्पताल के द्वारा किए गए अवैध निर्माण संबंधी शिकायतें पहुंची थी। जांच के बाद निजी अस्पताल के विरूद्ध पेनाल्टी चार्ज किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक स्टेडियम चौक के सर्विस रोड में स्थित स्पर्श अस्पताल द्वारा मनमाने ढंग से अस्पताल का निर्माण किया गया। इसके लिए पार्किंग और भवन निर्माण के लिए प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रबंधन ने कुछ वार्डों का निर्माण नक्शे से परे किया है।

 निगम प्रशासन ने नक्शे के आधार पर जब जांच की तो कई तरह की खामियां सामने आई। अनुचित तरीके से निर्माण करने के मामले में निगम द्वारा अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया। नोटिस को अस्पताल संचालकों ने हल्के में लिया।

अवैध निर्माण के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा नियमितीकरण के लिए आवेदन दिया गया। खामियां होने के कारण नियमितीकरण की फाईल को वापस लौटा दिया गया। स्पर्श अस्पताल के खिलाफ एक सख्त कदम उठाते निगम ने 40 लाख रुपए का जुर्माना ठोक दिया।

बताया जा रहा है कि नगर निगम ने राशि अदा करने के लिए कई बार नोटिस भी जारी की है।

बताया जा रहा है कि अस्पताल के अंदर के वार्डों की बनावट इंजीनियर के द्वारा की गई है। यानी इंजीनियर को अवैध निर्माण की पूरी जानकारी है। अवैध निर्माण के कारण सर्विस रोड से भवन सटा हुआ है। ऐसा कहा जा रहा है कि इतनी बड़े अस्पताल के भवन निर्माण को लेकर नियमित तौर पर जानकारी नहीं ली गई। नतीजतन मनमाने तरीके से अस्पताल के भवन का निर्माण कर दिया गया है। नोटिस के जवाब में अस्पताल प्रबंधन ने कोई पहल नहीं की है।

बताया जा रहा है कि नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता द्वारा कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय किसी निजी अस्पताल पर लगाया गया अब तक का यह सबसे बड़ी जुर्माने की कार्रवाई की है। निगम की कार्रवाई से हडक़ंप मच गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news