राजनांदगांव

गढ़चिरौली में मारे गए नक्सलियों में 5 महिलाएं और 7 पुरूष, 3 डीवीसी मेम्बर शामिल
18-Jul-2024 1:22 PM
गढ़चिरौली में मारे गए नक्सलियों में 5 महिलाएं और 7 पुरूष, 3 डीवीसी मेम्बर शामिल

नक्सल मुठभेड़ के मारे गए नक्सलियों की पुलिस ने की शिनाख्ती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जुलाई।
महाराष्ट्र की गढ़चिरौली की सी-60 फोर्स के जवानों ने एक बड़ी कामयाबी के साथ दर्जनभर नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्ती हो गई है। पुलिस के हाथों मारे गए नक्सलियों में 5 महिलाएं और 7 पुरूष शामिल हैं। 

यह पहला मौका है, जब गढ़चिरौली पुलिस ने 3 डीवीसी रैंक के नक्सलियों को भी ढ़ेर कर दिया। महाराष्ट्र सरकार ने सी-60 फोर्स के जवानों के लिए 51 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की सीमा पर नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान गढ़चिरौली पुलिस के सब इंस्पेक्टर सतीश पाटिल भी एक जवान के साथ जख्मी हुए हैं। उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। सब इंस्पेक्टर और जवान का नागपुर में उपचार चल रहा है। 

इधर, पुलिस ने नक्सलियों की पहचान कर ली है। जिसमें योगेश तुलावी, विशाल उर्फ लक्ष्मण व प्रमोद कचलामी डीवीसी रैंक के नक्सली मारे गए हैं। इसके अलावा महारू गावड़े, अनिल दर्रो, बिजू, सरिता पारस, राजो, रोजा, सागर, चंदा व सीता मारे गए नक्सलियों में शामिल है। मारे गए नक्सलियों का कसनसूर, टिपागढ़, चटगांव, कोरची दलम से वास्ता था। 

पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 3 एके-47, दो इंसास, एक-एक कार्बाइन और एसएलआर भी बरामद हुआ था। गढ़चिरौली पुलिस लगातार नक्सली अभियान में सफल हो रही है। बताया जा रहा है कि कल हुए मुठभेड़ छत्तीसगढ़ के माड़ से सटा हुआ इलाका है। गढ़चिरौली नक्सल डीआईजी अंकित गोयल और एसपी नीलोत्पल समेत अन्य अधिकारियों को बेहतर नेतृत्व करने के लिए शीर्ष अफसर शाबासी दे रहे हैं।
 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news