राजनांदगांव

जल है तब तक जीवन है, वृक्ष है तब तक जीवन है - डॉ. रमन
18-Jul-2024 2:42 PM
जल है तब तक जीवन है, वृक्ष है तब तक जीवन है - डॉ. रमन

विस अध्यक्ष ने अपनी मां के नाम लगाया पौधा, नगरवासियों को 300 से अधिक पौधों का किया वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जुलाई।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह बुधवार को नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा गांधी सभागृह में आयोजित एक पेड़ मां के नाम के तहत चलव बनाबो हरियर राजनांदगांव कार्यक्रम में शामिल हुए। 

विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने नगरवासियों को 300 से अधिक फलदार, छायादार और सुंगधित फूल के पौधों का वितरण किया। उन्होंने ने गांधी सभागृह परिसर में अपनी मां स्व. सुधा देवी सिंह के नाम बरगद का पौधरोपण किया।

विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि देशभर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले में एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत अच्छा कार्य किया जा रहा है। जल है, तब तक जीवन है, वृक्ष है तब तक जीवन है, इसलिए जल संरक्षण एवं वृक्ष लगाना हमारे लिए आवश्यक है। 

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेषज्ञ एवं वैज्ञानिक चिंता में है। विश्व में पर्यावरण संरक्षण की ही बात की जा रही है। विश्व में जल संरक्षण एवं ओजोन परत में क्षति और कार्बन उत्सर्जन सबसे बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पेड़ काटने से मौसम में परिवर्तन आया है, जहां बारिश हुई तो बहुत होती है, नहीं तो महीनेभर बारिश नहीं होती है।

प्रकृति का नया-नया रूप देखने को मिल रहा है, उसके लिए हम सभी दोषी है। जंगल को कटने से बचाना है। उन्होंने कहा कि दुनिया के चारों तरफ समुद्र का पानी है। दुनिया में जितना पानी उपलब्ध है। उसका सबसे बड़ा हिस्सा 94 प्रतिशत पानी समुद्र के हिस्से में हैं। जिसका उपयोग पीने, खेती एवं अन्य उपयोग में नहीं ला सकते हैं। पृथ्वी के नीचे और नदियों, तालाबों का पानी रिसायकल होकर गिरता है। उन्होंने बताया कि 0.5 प्रतिशत ही पानी इस दुनिया के लिए उपयोगी है। 

विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि आज जब वृक्षारोपण की बात हो रही है। एक पेड़ अपनी मां के नाम से लगाने से निश्चित रूप से भावनात्मक रूप से हम जुड़े हैं। उस प्रकृति से जुडऩे और बचाने हमारी भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके लिए हम सब का योगदान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां से हम सभी एक-एक पेड़ ले जाएंगे और उचित स्थान में लगाएंगे। माँ के नाम पेड़ है, तो इसलिए उसका रक्षा का दायित्व और कर्तव्य भी है। उसे हर साल बढ़ते हुए देखेंगे तो आपके जीवन में खुशहाली आएगी और मां का आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने कहा कि हम पेड़ आने वाली पीढ़ी के लिए लगाते हैं। किसी पीढ़ी ने पेड़ लगाया उसका फल आज हम ले रहे हैं। आप जो पेड़ लगाएंगे उसे आने वाली पीढ़ी आपको धन्यवाद देगी। इसकी शुरूआत हुई है, यह सतत चलता रहे। हमारा राजनांदगांव हरा-भरा रहे और पर्यावरण की दृष्टि से बेहतर हो, इस दिशा में हम सब मिलकर काम करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दी। 

कार्यक्रम में नगर पालिक निगम क्षेत्र में हरियर राजनांदगांव बनाने के लिए सतत रूप में कार्य कर रहे हरियर मित्र दुर्गेश कुमार, जागेश्वर वैष्णव, सूरज कुमार देवांगन, खिलेश्वर प्रसाद साहू, कैलाश पूरी गोस्वामी, हिमान्शु साहू को शाल-श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, खूबचंद पारख, नीलू शर्मा, भरत वर्मा, दिनेश गांधी, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, राजेन्द्र गोलछा, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम किशुन यदु, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह, निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता, नगर निगम राजनांदगांव के पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, नगर निगम राजनांदगांव के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news