राजनांदगांव

नांदगांव रेंज के मोहला से सटे इलाके के तीन दलम का मुठभेड़ में सफाया
19-Jul-2024 1:08 PM
नांदगांव रेंज के मोहला से सटे इलाके के तीन दलम का मुठभेड़ में सफाया

12 नक्सली मारे गए, 86 लाख था ईनाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 19 जुलाई।
गढ़चिरौली पुलिस के नक्सल अभियान वाले दस्ते सी-60 फोर्स के हाथों 12 नक्सलियों के मारे जाने के बाद उत्तर गढ़चिरौली डिवीजन के महत्वपूर्ण तीन दलम का लगभग सफाया हो गया है। तीनों दलम का राजनांदगांव रेंज के मोहला-मानपुर जिले के सरहद पर सीधा प्रभाव रहा है। 

गढ़चिरौली पुलिस ने कसनसूर, टीपागढ़ और कोरची दलम के नक्सलियों को ठिकाने लगा दिया। पुलिस के लिए यह एक बड़ी कामयाबी है। नक्सलियों के मारे जाने का सकारात्मक प्रभाव राजनंादगांव रेंज पर भी पड़ेगा।

मारे गए नक्सलियों पर लगभग 86 लाख रुपए का ईनाम था। पुलिस ने नक्सलियों की पहचान कर ली है। सभी नक्सली उत्तर गढ़चिरौली डिवीजन से जुड़े हुए थे। उत्तर गढ़चिरौली का मोहला-मानपुर से लेकर राजनंादगांव जिले के छुरिया से सटे कोरची और देवरी इलाके में भी सांगठनिक असर रहा है। 

उत्तर गढ़चिरौली में लगभग नक्सलियों के खात्मे से पुलिस को अब विकास का रास्ता खोलने में  आसानी होगी। प्रशासनिक स्तर पर भी नक्सलियों के खात्मे से विकास के द्वार खुलेंगे। सी-60 फोर्स को  शानदार तरीके से नक्सलियों के सफाए के एवज में  महाराष्ट्र सरकार ने 51 लाख रुपए ईनाम देने की घोषणा की है। 

उत्तर गढ़चिरौली डिवीजन में लगातार  पुलिस का वर्चस्व बढ़ा है। लिहाजा नक्सली अपना नया ठिकाना ढूंढने के लिए लगातार भटक रहे हैं।  तीन साल में गढ़चिरौली में लगभग 80 मुठभेड़ हुए। 

2021 से लेकर अब तक फोर्स ने 80 हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं सर्चिंग के दौरान 102 नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस को 29 नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने में सफलता मिली। इस बड़ी सफलता के साथ लगातार गढ़चिरौली पुलिस जंगल में नक्सलियों को जड़ से खत्म करने के लिए जोर लगा रही है।  

उत्तर गढ़चिरौली डिवीजन के 3 दलम के खात्मे के बाद राजनांदगांव रेंज के मोहला-मानपुर जिले में सक्रिय मदनवाड़ा-औंधी और मोहला-एलओएस पर भी अब डीआरजी के जवान सक्रिय हो गए हैं। बताया जा रहा है कि आईजी दीपक झा लगातार नक्सलियों पर कार्रवाई करने के लिए अपने मातहत पुलिस अफसरों और जवानों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। गढ़चिरौली पुलिस के सफलता से राजनांदगांव रेंज के जवान भी नक्सल मोर्चे पर उतर आए हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news