राजनांदगांव

नगरवासियों के सपनों के अनुरूप नांदगांव शहर का होगा विकास- रमन
21-Jul-2024 3:41 PM
नगरवासियों के सपनों के अनुरूप नांदगांव शहर का होगा विकास- रमन

13.81 करोड़ के 96 विकास कार्यों का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जुलाई।
  विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्थानीय पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में शहर के विकास के लिए 13 करोड़ 81 लाख रुपए की लागत के 96 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरूण साव,  महापौर हेमा देशमुख उपस्थित थी।

विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने  कहा कि राजनांदगांव की जागरूकता पूरे छत्तीसगढ़ में प्रसिद्ध है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पूरे छत्तीसगढ़ में 7 माह के भीतर विकास का एक अद्भूत वातावरण निर्मित हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों की शुरूआत हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने जो वादे किए थे, उन सभी वादों को 7 माह से कम समय में पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में छोटे-बड़े कई विकास मूलक कार्य करने में सफल रहे।  उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की जनता ने शहर के विकास का सपना देखा था, उस सपने के अनुरूप इस शहर को बनाने का काम किया जा रहा हंै। 

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम राजनांदगांव द्वारा जो भी प्रस्ताव लेकर पार्षदगण राज्य शासन के पास जाएंगे, उसे स्वीकृत कर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरे राजनीतिक जीवन की शुरूआत पार्षद से हुई है और मैं आज भी अपने आप ो पार्षद समझता हूं।  पार्षद विकास की मूल कल्पना को साकार करते हैं, उसे अपने वार्डों में क्रियान्वित करने की सबसे ज्यादा जवाबदारी होती है। 

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने  कहा कि राजनांदगांव प्रदेश की संस्कारधानी है और इसका विकास नाम के अनुरूप होना चाहिए, जिसका अनुशरण प्रदेश में हो और शहर के विकास को देखकर अन्य शहर भी प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि केवल भवन बनाने से शहर का विकास संभव नहीं है। शहर के विकास के लिए भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है। 

उन्होंने कहा कि प्लास्टिक एवं कचरे के उचित प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रसासों में सभी के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के शहरों के विकास के लिए 1500 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है। राजनांदगांव शहर के विकास के लिए आगामी जो भी योजनाओं के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा उसे स्वीकृत किया जाएगा। 
कार्यक्रम को महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर  मधुसूदन यादव,   खूबचंद पारख, सचिन बघेल, भरत वर्मा, संतोष अग्रवाल उपस्थित थे। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news