राजनांदगांव

भाई-बहन को सांप ने डसा, दोनों की मौत
22-Jul-2024 1:48 PM
भाई-बहन को सांप ने डसा, दोनों की मौत

मां संग एक ही बिस्तर पर सो रहे थे 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 22 जुलाई।
छुरिया इलाके के दामाबंजारी में शनिवार देर रात को मां के साथ बिस्तर पर सो रहे दो मासूम बच्चों को सांप ने डस लिया। सांप के डसने से दोनों की मौत हो गई। दोनों सगे भाई-बहन थे। 

मिली जानकारी के मुताबिक छुरिया क्षेत्र के दामाबंजारी में शनिवार की रात को 5 साल का रूद्र ताम्रकार और 2 साल की गरिमा ताम्रकार अपनी मां सोनी ताम्रकार के साथ एक ही बिस्तर पर गहरी नींद में थे। रात लगभग डेढ़ बजे के आसपास अचानक बच्चे दर्द से कराहने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर मां की नींद टूटी और जब वह बिस्तर से उठी तो देखा कि एक सांप पलंग से नीचे उतर रहा था। 

बताया जा रहा है कि बच्चों को सांप काटने का अंदेशा मां को हो गया और धीरे-धीरे सांप के जहर से बच्चे बेहोश होने लगे। किसी तरह मां ने अपने ससुर को घटना की जानकारी दी। आनन-फानन में डायल-112 को बुलाया गया। गाड़ी से छुरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों बच्चों की मौत होने की जानकारी चिकित्सकों ने दी। 

बताया जा रहा है कि मासूम बच्चों का पिता डिलेश्वर ताम्रकार मजदूरी करने के लिए बाहर गया हुआ है। उसे भी घटना की जानकारी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि मासूम बच्चों की बड़ी बहन दूसरे पलंग पर सोई हुई थी, सौभाग्यवश वह बच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से परिजन सदमे में है। 

छुरिया थाना प्रभारी अविनाश श्रीवास ने बताया कि सांप के डसने से बच्चों की मौत हुई है। मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news