राजनांदगांव

बाढ़ नियंत्रण के लिए टीम गठित
24-Jul-2024 3:45 PM
बाढ़ नियंत्रण के लिए टीम गठित

 24 घंटे रहेगा अमला तैनात 

राजनांदगांव, 24 जुलाई। नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने शहर में अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए निगम के अधिकारी- कर्मचारियों को विभिन्न दायित्व सौंपा है। आयुक्त ने उक्त नियंत्रण कार्य के लिए तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई है और निगम का अमला अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए 24 घंटे रोकथाम के उपाय, पानी भराव को रोकने सहित प्रभावितों के आवास की व्यवस्था का कार्य करेगा। 

आयुक्त गुप्ता ने बताया कि शहर में अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण लिए कार्यपालन अभियंता यूके  रामटेके को नोडल अधिकारी वार्ड नं. 1 से 30 तक व प्र. कार्यपालन अभियंता कामना सिंह यादव वार्ड नं. 31 से 51 तक एवं सहायक अभियंता  प्रणय मेश्राम को सहायक नोडल अधिकारी बनाया है। सफाई के लिए स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा को प्रभारी बनाया गया है, इनके सहयोगी का दायित्व स्वच्छता निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव व प्र.स्वच्छता निरीक्षक भूषण मेश्राम को सौंपा गया है। इसके अलावा प्र.सहायक अभियंता दिलीप मरकाम व पिंकी खाती एवं उप अभियंताओं को शिफ्ट प्रभारी बनाया गया है, इनके सहयोगी के लिए कर्मचारियों को भी दायित्व सौंपा गया है, जो तीनों शिफ्ट में सुबह  8 से शाम 4 बजे तक, शाम 4 से रात्रि 12 बजे तक व रात्रि 12 से सुबह 8 बजे तक कार्य करेंगे।

आयुक्त गुप्ता ने बताया कि वर्षा ऋतु में पानी भरने वाले स्थानों की सूची बनाने तथा रोकथाम के उपाय एवं सुझाव के लिए स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा व स्वच्छता निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव को जवाबदारी दी गई है। वहीं लेबर व्यवस्था व रेत की बोरियों की व्यवस्था का दायित्व उप अभियंता डागेश्वर कर्ष व  युगराज कोमरे व मोहारा फिल्टर प्लांट के लक्ष्मीकांत देवांगन को सौंपा गया है। इसी प्रकार रैनकोट, गैती, फावड़ा तगाड़ी आदि की व्यवस्था किए जाने के लिए समयपाल योगेश पदमाकर व चिराग मेश्राम एवं विद्युत व्यवस्था के लिए सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम को निर्देश दिए गए हैं। आकस्मिक वाहन व्यवस्था हेतु मोटर विभाग के सुरेन्द्र साव व स्कूल में ठहरने की व्यवस्था के लिए राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। 

आयुक्त  गुप्ता ने बताया कि मोटर प्रतिपालन विभाग को बाढ़ नियंत्रण हेतु कंट्रोल रूम बनाया गया है और इसमें फोन नं. 07744-296001 में शहर में अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए भी सूचना दी जा सकेगी। 

कंट्रोल रूम का प्रभारी किशन गावरे लाईनमेन को बनाया गया है। गावरे को निर्देशित किया गया है कि शहर में अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए सूचना प्राप्त होते ही यथा समय अपने उच्च अधिकारियों को सूचित करेंगे तथा इस संबंध में एक पंजी का संधारण करेंगे, जिसे समय-समय पर अवलोकन हेतु प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि बाढ़ पीडि़तों के आवास हेतु डॉ. अम्बेडकर मंगल भवन,शाला भवनों एवं शासकीय भवनों को सुरक्षित रखा जा रहा है तथा प्रत्येक शिफ्ट प्रभारी को टार्च, रस्सी, गैती, फावड़ा एवं अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news