राजनांदगांव
![रापुसे अफसर बरैया का अंतिम संस्कार रापुसे अफसर बरैया का अंतिम संस्कार](https://dailychhattisgarh.com/uploads/chhattisgarh_article/1721897935jn__5.jpg)
पुलिस महकमे के आला अफसरों की मौजूदगी में पैतृक गांव में हुई अंत्येष्टि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 जुलाई। राज्य पुलिस सेवा के अफसर निमेश बरैया की गुरुवार को अंत्येष्टि कर दी गई। बरैया पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। वह पीलियाग्रस्त थे। साथ ही उन्हें लीवर की समस्या भी थी। 2013 बैच के बरैया का पदुमतरा स्थित पैतृक गांव में निधन के बाद परिजनों और आला पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें दफन किया गया।
वर्तमान में वह बलरामपुर जिले में एएसपी के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि बीती रात को 11 बजे उनका निधन हो गया। तडक़े उनके शव को पैतृक गांव लाया गया। निमेश की गिनती काबिल अफसरों में होती थी। वह राजधानी रायपुर के अलावा अन्य जिलों में भी पदस्थ रहे। स्थानीय पैतृक गांव पदुमतरा में उनके खेत में उन्हें दफन किया गया।
बताया जा रहा है कि तीन साल पहले उनके पिता को मृत्यु पश्चात खेत में ही दफन किया गया था। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक व्याप्त है। इस बीच उनके निधन पर अंत्येष्टि कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा महामंत्री रामजी भारती, राजनांदगांव एसपी मोहित गर्ग, खैरागढ़ एसपी त्रिलोक बंसल, एएसपी राहुलदेव शर्मा, अंबिकापुर एसडीओपी अमित पटेल समेत अन्य लोग शामिल हुए।