राजनांदगांव

पं. उपाध्याय ने सत्ता के माध्यम से सेवा का दिखाया रास्ता- रमन
12-Feb-2021 4:56 PM
पं. उपाध्याय ने सत्ता के माध्यम से सेवा का दिखाया रास्ता- रमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 फरवरी।
जनसंघ के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि गुरुवार को भाजपा कार्यालय में समर्पण दिवस के रूप में मनाई गई। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कहा कि सत्ता के माध्यम से सेवा करने का लक्ष्य पं. दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए गए रास्ते पर चलकर भाजपा पूरा करने में लगी हुई है।

डॉ. सिंह ने कहा कि 15 वर्षों के अपने कार्यकाल में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और उसकी जीवन शैली को बदलना ही भाजपा का मुख्य लक्ष्य रहा। डॉ. सिंह  ने कहा कि उनके कार्यकाल में पीडीएस के माध्यम से लाखों परिवारों को एक रुपए किलो में चावल उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी योजना को पूरे देश में सराहा गया।

 इसी तरह से कई जनकल्याणकारी योजनाएं, जिसमें उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना इत्यादि योजनाओं के पीछे पं. दीनदयाल उपाध्याय का ही सिद्धांत रहा।  उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता तोड़ाई में मजदूरों के पैर की चिंता करते भाजपा सरकार ने ही चरण पादुका वितरित की थी, परंतु वर्तमान सरकार ने सभी योजनाओं को बंद कर दिया। आज विकास रूक गया है। पूरे प्रदेश में अराजकता की स्थिति निर्मित हो चुकी है।

मीडिया सेल के अनुसार गुरुवार को समर्पण दिवस कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के तैलचित्र पर पुष्पहार अर्पित करके की गई। तत्पश्चात स्वागत प्रतिवेदन जिला महामंत्री दिनेश गांधी ने प्रस्तुत किया। 
प्रदेश उपाध्यक्ष खूबचंद पारख ने पं. उपाध्याय के सिद्धांतों को बताते कहा कि पं. दीनदयाल गांव-गांव में अंतिम व्यक्ति को महत्व दिया करते थे और छुआछूत, भेदभाव, ऊंच-नीच, जातिगत दुर्भावना से दूर हटकर ‘हम सब भारत मां के लाल भेदभाव का कहां सवाल’ की नीति पर चला करते थे। उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की वर्षों पूर्व मृत्यु हुई। जिसकी पहेली आज तक नहीं सुलझ पाई है। 

कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष सौरभ कोठारी एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री सचिन बघेल ने किया। कार्यक्रम में लीलाराम भोजवानी, जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव, संतोष अग्रवाल, सरोजनी बंजारे, कोमल जंघेल सहित तीनों मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं बड़ी की संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news