राजनांदगांव

तीरंदाजी : सीनियर में संदीप-मांगबाई व जूनियर में नकुल-माही अव्वल
16-Feb-2021 4:06 PM
 तीरंदाजी : सीनियर में संदीप-मांगबाई व जूनियर में नकुल-माही अव्वल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 16 फरवरी। स्व. अभिलेख अग्रहरि की स्मृति में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया गया। आयोजन में कलेक्टर टीके वर्मा एवं एसपी डी. श्रवण ने राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर प्रतियोगिता में जीतने वाले खिलाडिय़ों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया।

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि तीरंदाजी देश का प्राचीन खेल रहा है। महाभारत के समय में अर्जुन ने पानी में मछली के आंख को देखते निशाना लगाया था। इस खेल के लिए लगन और एकाग्रता की जरूरत होती है। वर्तमान में प्रदेश के खिलाड़ी इस आयोजन में भाग ले रहे हंै। यहां आदिवासी क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रतिभागियों का निशाना बहुत अच्छा होता है। इन क्षेत्रों में सांस्कृतिक रूप से धनुष से शिकार करने की परंपरा होती है। वर्तमान तकनीक के अनुरूप इन प्रतिभागियों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। प्रशिक्षण के माध्यम से गुणवत्ता में सुधार होगा। इससे छत्तीसगढ़ से प्रतिभागी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीरंदाजी का क्षेत्र बढ़ा है, जहां प्रतिभागी को आगे बढऩे का अधिक अवसर मिलेगा। शासन की ओर से तीरंदाजी में विभिन्न तकनीक से प्रशिक्षण देने और गुणवत्ता में सुधार के लिए 3 लाख 40 हजार रूपए की स्वीकृति दी गई है।

एसपी डी. श्रवण ने विभिन्न जिले से इस प्रतियोगिता में भाग लेने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी बहुत ही रोमांचक खेल है। प्रदेश के प्रतिभागियों के लिए तीरंदाजी का क्षेत्र बढ़ा है। यहां प्रशिक्षण की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे प्रदेश के प्रतिभागियों के राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने का मौका मिलेगा। इस अवसर पर सीएसपी मणीशंकर चंद्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

150 खिलाडिय़ों ने लिया हिस्सा
राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 150 खिलाडिय़ों ने भाग लिया, जिन्होंने तीरंदाजी में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर किया। इंडियन राऊंड के सीनियर बालक वर्ग में बिलासपुर के संदीप कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। वहीं राजनांदगांव के चंदन साहू ने द्वितीय एवं बिलासपुर के धनीराम मरावी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर बालिका वर्ग में बिलासपुर की मांगबाई ने प्रथम व राजनांदगांव की माया बघेल ने द्वितीय एवं राजनांदगांव की रश्मि साहू तृतीय स्थान पर रही। जूनियर बालक वर्ग में बिलासपुर के नकुल सिंह ने प्रथम व बिलासपुर के विकास कुमार द्वितीय एवं कोरबा के भीष्मराज जांगड़े ने तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर बालिका वर्ग में कोरबा की माही जांगड़े ने प्रथम एवं राजनांदगांव की पल्लवी ने द्वितीय तथा राजनांदगांव की हर्षिता साहू तृतीय स्थान पर रही। इसी तरह रिकर्व में जूनियर बालक वर्ग में बिलासपुर के रोहित प्रथम एवं बिलासपुर के विरेन्द्र द्वितीय तथा दुर्ग के पूर्व साहू तृतीय स्थान पर रहे। वहीं रिकर्व में जूनियर बालिका वर्ग में रायपुर की दुर्गेश नंदनी प्रथम, सरगुजा की नेहा कुजूर द्वितीय और सरगुजा की पूजा तिर्की तृतीय स्थान हासिल करने में सफल रही। 

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वाति स्पोट्र्स, अभिलेख वेलफेयर फाउंडेशन, शांति विजय सेवा समिति, संस्कारधानी तीरंदाजी संघ द्वारा राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता राज्य के तीरंदाज खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के साथ खिलाडिय़ों में खेल भावना एवं अनुशासन को विकसित करने के लिए आयोजित की गई। यहां लगातार दूसरे वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news