राजनांदगांव

खतरे में संघ-भाजपा कार्यकर्ताओं की जान
21-Feb-2021 2:11 PM
खतरे में संघ-भाजपा कार्यकर्ताओं की जान

मानपुर में मुखबिरी शक पर मंडावी को मारने के बाद जारी नक्सल पत्र में चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 फरवरी।
मानपुर इलाके में करीब डेढ़ माह के भीतर 4 ग्रामीणों की हालिया बोरतलाव में एक हत्या करने के बाद नक्सलियों ने एक बार फिर चेतावनी भरा पत्र जारी करते हुए आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ताओं को जान से मारने की धमकी दी है। 

नक्सल पत्र में आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ताओं को मनुवादी पार्टी से जुड़े होने के कारण जल, जंगल, जमीन में कब्जा करने का आरोप लगाया है। ऐसे आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ताओं को जनअदालत लगाकर मौत की सजा देने की धमकी दी है। जिले के सीतागांव के लेखेपाल गांव के आसपास राजनांदगांव-कांकेर बार्डर डिवीजन की दंडकारण्य स्पेशल जोन के सचिव विकास के नाम पर नक्सल पत्र मिले हैं। 

इस पत्र में एक ग्रामीण इंदर शाह मंडावी को मारने को लेकर भी नक्सलियों ने कारण गिनाए हैं, जिसमें कहा गया है कि मनुवादी विचारों से लैस होकर इंदर शाह मंडावी सामंती सोच से घिरा हुआ था। वह पुलिस का  एजेंट के रूप में भी काम कर रहा था। नक्सल पत्र में भाजपा और आरएसएस पर आरोप लगाते कहा गया है कि खोये हुए जनाधार को वापस पाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। जनता को भ्रमित करने के लिए राम मंदिर, दुर्गा पूजा, गणेश, रावण दहन आदि नामों से आदिवासी इलाकों में धार्मिक कट्टरता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
 
उधर नक्सल पत्र जारी होने के बाद पुलिस के लिए फिर से परेशानी खड़ी हो गई है। जिले में नक्सलियों ने अब तक मुखबिरी शक पर 5 ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया है। मानपुर इलाके में भाजपा के मंडल अध्यक्ष राजू टांडिया को नक्सली लगातार मारने की धमकी दे रहे हैं। हालांकि पुलिस ने उसकी सुरक्षा बढ़ा दी है। बताया जा रहा है  कि पुलिस को शक है कि आरएसएस और भाजपा नेताओं के साथ-साथ पुलिस से नजदीक लोगों पर नक्सली जानलेवा हमला कर सकते हैं। शनिवार को दुर्ग रेंज आईजी विवेकानंद सिन्हा ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अफसरों के साथ लंबी बैठक की है। बताया जा रहा है कि मानपुर इलाके में नक्सली एकाएक आक्रामक होकर हिंसक वारदात करने की फिराक में है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news