दुर्ग

रिसाली निगम में होने वाले विकास कार्यों के ठेका में पारदर्शिता नहीं-पारख
20-Mar-2021 4:39 PM
रिसाली निगम में होने वाले विकास कार्यों के ठेका में पारदर्शिता नहीं-पारख

छजकां ने पत्रकार वार्ता में लगाया आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 मार्च।
रिसाली नगर निगम की स्थापना के बाद चुनावों को लेकर टालमटोल पर सरकार की क्या मंशा है, रिसाली निगम में होने वाले विकास कार्यों से संबंधित ठेका में पारदर्शिता क्यों नहीं बरती जा रही है, नेताओं द्वारा अपने पसंदीदा ठेकेदारों को ही क्यों ठेके दिलाये जा रहे हैं, इस भ्रष्टाचार पर क्यों अंकुश नहीं लगाया जा रहा है इससे रिसाली क्षेत्र में गुणवत्ता विहीन कार्य संपादित हो रहे हैं। इस आशय के आरोप जनता कांग्रेस छत्तीसगढ जे के सतीश पारख ने पत्रकार वार्ता मे लगाए हैं। 

उन्होने बताया कि रिसाली निगम क्षेत्र में कांग्रेस के नेताओं द्वारा सरकारी तंत्र का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है और यहां की जनता देखते हुए सहन कर रही है, वक्त आने पर जनता इनको करारा जवाब देगी। इस पूरे क्षेत्र में सरकार के नुमाइंदों ने रिसाली को केवल शराब बेचने और जुआ सट्टा का अड्डा बना दिया है। यह सब छत्तीसगढ़ की छत्तीसगढिय़ा संस्कृति के खिलाफ है। जबकि पूरे निगम क्षेत्र में साफ पानी की गंभीर समस्या है उसके साथ ही आने वाली गर्मी के मौसम में पानी की विकराल स्थिति होने वाली है, इसकी तैयारी निगम प्रशासन को करनी चाहिए परंतु कांग्रेस के नेताओं द्वारा निगम प्रशासन को अपने कार्यक्रमों में व्यस्त कर दिया जा रहा है, यह जनता से कुठाराघात है। 

जोगी कांग्रेस इसका सभी मंचों पर विरोध करेगी। जनता कांग्रेस रिसाली नगर निगम क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारेंगी जो इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों का पिछले कई दशकों से सेवा करते रहे हैं-ऐसे जनप्रतिनिधियों को जोगी कांग्रेस टिकट देगी और हम जनता की आवाज बनेंगे। निगम क्षेत्र में होने वाले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना सबसे पहला मकसद है, आरटीआई के माध्यम से कई भ्रष्टाचार को चिन्हित किया है और वक्त आने पर हम इसको सार्वजनिक करेंगे। कोरोना महामारी के चलते जहाँ प्रशासन बड़े-बड़े फरमान जारी कर रहा वहीँ मंत्रीजी रिसाली में सैर सपाटा के बहाने भीड़ लगाकर बिना मास्क बिना सोशल डिस्टेंस के नियम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। प्रशासन जहां लोगों से चौक चौराहों व दुकानों पर जाकर बिना मास्क पर फाइन वसूल रहा वही सैर सपाटा में वही प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। 

आगे कहा कि प्रशासन का यह आमजन व सरकार के नेताओं के प्रति अलग अलग रवैया ही कोरोना बढाऩे में जिम्मेदार है। राज्य की कांग्रेस सरकार शराब बेचने में मस्त है, युवा पीढ़ी की उन्हें कोई चिंता नहीं, न रोजगार उपलब्ध हो रहे न ही घोषणा पत्र अनुरूप युवा बेरोजगारों को 2500 बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है। धान के समर्थन मूल्य 2500 पर भी यही स्थिति है। विगत वर्ष का 2500 अब तक अप्राप्त है और इस वर्ष भी खरीदी पूर्ण हो चुकी है। 

एमएसपी की राशि केंद्र द्वारा निर्धारित है, 1865 ऊपर की राशि 635 भी चार किश्तों में देने की बात सरकार ने की जिसकी चौथी किश्त मार्च में देने का कहकर आज तारीख तक यह राशि किसानों के खातों में नही भेजी गई है। रिसाली निगम चुनाव पर वहां का नेतृत्व कर रहे मंत्रीजी को परिवार के अलावा कुछ भी नही सूझ रहा है। 

महापौर के आरक्षण के पूर्व तक पुत्र के लिए कसीदे गढ़ रहे थे। ओबीसी महिला होते ही पुत्र वधु के लिए कसीदे गढऩे लगे हैं। नवीन निगम रिसाली को परिवारवाद के चंगुल से बचाने वहां की पढ़ी लिखी समझदार जनता वचनबद्ध है जो जल्द चुनावों में दिखाई देगा। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे सभी 40 वार्डों में चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में है जिसके लिए कार्यकर्ता योग्य 40 मिशन लेकर घर घर जाएंगे जिसमें हमारा वार्ड हमारा प्रत्याशी पर पार्टी जोर देगी। वार्डों में सामाजिक रूप से सक्रिय योग्य लोगों को सेवा करने प्रत्याशी के रूप में आगे लायेंगे और मतदाता ही अपना प्रत्याशी तय करेंगे। भले हमारे साथ भीड़ तंत्र की कमी है, प्रशासन का पूरा दुरुपयोग भी सत्ता पक्ष करने उतारू है फिर भी पूरा विश्वास है कि जनता के सहयोग से जोगी कांग्रेस रिसाली में शहर सरकार बनाएगी। लगभग 15 वार्डों में चयन प्रक्रिया पर आम जनता का रुख अंतिम चरण में है, शेष वार्डों में भी चुनाव तिथि घोषित होते ही नामांकन की तारीख तक प्रत्याशी तय कर लिए जाएंगे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news