दुर्ग

ताम्रध्वज ने किया ठगड़ा बांध रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण
23-Mar-2021 4:28 PM
ताम्रध्वज ने किया ठगड़ा बांध रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 दुर्ग, 23 मार्च। कल दल्ली राजहरा रेलवे क्रॉसिंग पर ठगड़ा बांध रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया। इस मौके पर श्री साहू ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज के बनने से लोगों को अब लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। 
 
श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में जिले में बड़े पैमाने पर विकास के कार्य किए जा रहे हैं। अभी दुर्ग शहर के भीतर ही इतने बड़े पैमाने पर विकास के कार्य हो रहे हैं कि कोई 2 साल बाद यदि दुर्ग आए तो उसे अपने पुराने शहर को पहचानना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्ग में प्रमुख सडक़ों का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। गुरुद्वारा चौक, वाय शेप ब्रिज, मालवीय चौक मिनीमाता चौक आदि का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य हो रहा है। इसके साथ ही आंतरिक सडक़ों को भी विकसित करने के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी अंडर ब्रिज या पुल की जरूरत है वहां इसे उपलब्ध कराया जा रहा है। रसमड़ा में अंडर ब्रिज स्वीकृत किया गया है। नगपुरा के लिए डायरेक्ट अप्रोच तैयार किया जा रहा है। श्री साहू ने कहा कि दुर्ग शहर के विकास के लिए किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
 
इस मौके पर विधायक अरुण वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने दुर्ग जिले की और दुर्ग शहर की जरूरतों को समझा और उसके मुताबिक निर्णय लिए जिसके फलस्वरूप आज रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण हो सका है। श्री वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी सहृदयता से लगातार जिले में और शहर में निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी है। 
 
उन्होंने कहा कि 118 करोड़ की लागत से दुर्ग शहर में चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इससे नेहरू नगर मिनीमाता चौक अंजोरा चौक तक 118 करोड़ रुपए की राशि से सडक़ चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य हो पाएगा। इसके अलावा सिकोला, कातुलबोड में अंडरब्रिज का निर्माण चल रहा है। 
 
श्री वोरा ने कहा कि  शहर के नागरिकों की जरूरतों के मुताबिक हम सभी विकास योजनाओं पर कार्य कर रहे हैं। इसमें लगातार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मार्गदर्शन मिल रहा है।  उल्लेखनीय है कि रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण 17 महीनों में पूर्ण हुआ है इसमें एक 41 करोड रुपए की लागत आई है यह लगभग 1 किलोमीटर लंबा है और इसकी चौड़ाई 13 मीटर है इसमें 36 स्लैब हैं। लोकार्पण के अवसर पर महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक  प्रतिमा चन्द्राकर एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
 
 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news