राजनांदगांव

वनांचल मानपुर के अंदरूनी गांवों की सुध लेने अरसे बाद कलेक्टर ने गुजारी रात
18-Jun-2021 12:44 PM
वनांचल मानपुर के अंदरूनी गांवों की सुध लेने अरसे बाद कलेक्टर ने गुजारी रात

मदनवाड़ा-औंधी इलाके दर्जनभर गांव में थमी विकास की रफ्तार बढ़ाने जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 18 जून। वनांचल मानपुर इलाके के अंदरूनी गांव की सुध लेने के लिए लंबे अरसे बाद किसी कलेक्टर ने इलाके में रात गुजारकर विकास के थमे पहियों को गति देने के लिए पूरा जोर लगाया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने मानपुर से करीब 40 किमी दूर महाराष्ट से सटे सरहदी गांवों के विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए धुंआधार दौरा किया। वहीं उन्होंने विकास कार्यों को अंजाम दे रहे प्रशासनिक तंत्र का भी नब्ज टटोला।

बताया जा रहा है कि नवपदस्थ कलेक्टर श्री सिन्हा ने आदिवासी क्षेत्रों की तस्वीर बदलने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए नक्सल क्षेत्रों में जाकर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को देखा। सडक़, पुल-पुलिया सहित अधोसंरचना के अलावा बुनियादी जरूरतों से जुड़े कार्यों को कलेक्टर ने नजदीक से परखा। सडक़ निर्माण के लिए गुणवत्ता को विशेष ध्यान देने के लिए कलेक्टर ने क्षेत्र में बन रही निर्माणाधीन सडक़ों का भौतिक सत्यापन किया।  

पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर श्री सिन्हा ने पहली बार मानपुर इलाके का रूख करते हुए मदनवाड़ा, औंधी, भर्रीटोला, बोदरा, ईरागांव, पानाबरस में सघन दौरा कर विभिन्न गतिविधियों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मानपुर में रात्रि विश्राम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास संबंधी बैठक भी की। कलेक्टर को क्षेत्रीय समस्याओं से भी जुड़ी जानकारियां मिली। उन्होंने जल्द ही समस्याओं के निपटारे का भरोसा भी दिया।  

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अंतर्गत 2 करोड़ 86 लाख 57 हजार रूपए की राशि से पहाड़ी पर निर्माणाधीन 6 किमी दोरबा से बोदरा सडक़ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने भर्रीटोलाधान उपार्जन केन्द्र का मुआयना किया। उन्होंने  सरपंच ग्राम पंचायत की मांग पर धान उपार्जन केन्द्र में अतिरिक्त चबुतरा निर्माण हेतु जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिए। उन्होंने ईरागांव गौठान का निरीक्षण एवं वर्मी कम्पोस्ट खाद का अवलोकन किया। 

कलेक्टर ने औंधी धान उपार्जन एवं खाद वितरण केन्द्र समिति पहुंचकर किसानों से बातचीत की। कलेक्टर ने औंधी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर टीकाकरण एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने औंधी एवं पानाबरस स्थित वनधन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां सेल्समेन की नियुक्त कर विपणन व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा, ताकि महिलाओं को उत्पाद का उचित लाभ मिल सके तथा महिलाएं आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन सकें। इस अवसर पर एसडीएम राहुल रजक एवं जनपद सीईओ डीडी मांडले, नायब तहसीलदार सृजल साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news