राजनांदगांव

पशुओं के लिए हो समुचित व्यवस्था
27-Jun-2021 6:28 PM
पशुओं के लिए हो समुचित व्यवस्था

गोधन न्याय योजना पर कार्यशाला आयोजित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 जून।
गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन एवं मार्गदर्शिका के संबंध में शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के कृषि सलाहकार प्रदीप शर्मा ने गोधन न्याय योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान विशेष सचिव कृषि डॉ. एस भारतीदासन, संचालक कृषि यशवंत कुमार, कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा एवं जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी एसडीएम एवं जनपद सीईओ वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े।

कार्यशाला में श्री शर्मा ने कहा कि गौठान पशुओं के लिए डे-केयर सेंटर है और यह पशुओं के संरक्षण का क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि छैयां, भुईयां, दाना, पानी पशुओं की मूलभूत आवश्यकता है। उनके लिए कोटना, शेड, चबूतरा, पैरादान एवं चिकित्सा की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित होंगे। 

गौठान में 5 एकड़ भूमि में चारागाह विकसित करें, ताकि एक माह तक पशुओं को चारा दिया जा सके। उन्होंने गौठान के कार्य तथा गौठान समिति के अध्ययन के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गौठान को गतिशील बनाए रखने के लिए मरम्मत कार्य भी करवाएं तथा गौठान समिति को सक्रिय करें। उन्होंने कहा कि महिला स्वसहायता समूह को स्वावलंबी बनाने के लिए उन्हें मिनी राईस मिल देने के साथ अन्य गतिविधियों में संलग्र करें। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि कार्यशाला में मॉडल गौठान के संबंध में दी गई जानकारी के अनुसार कार्य करें। एक जुलाई से रोका-छेका अभियान आरंभ होगा, इसकी पूरी तैयारी रखें। गौठान में टूट-फूट की मरम्मत कराएं तथा पक्के शेड बनवाएं। आगामी दिनों में गौठान समितियों को आत्मनिर्भर बनाते उनकी आय का जरिया विकसित करने की जरूरत है। 

उन्होंने सभी एसडीएम एवं जनपद सीईओ से कहा कि सभी विकासखंडों में 11 तथा राजनांदगांव विकासखंड में 12 मॉडल गौठान चयनित कर प्रथम चरण में एक माह के भीतर 100 गौठानों को आदर्श गौठान के रूप में विकसित करना है।

जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने कहा कि सभी मॉडल गौठान बनाने की दिशा में कार्य आरंभ करें और अपेक्षाओं पर खरा उतरे। विशेष तौर पर 10 ऐसे गौठान होने चाहिए जहां विभिन्न गतिविधियां चलती रहे। इस अवसर पर एसडीएम मुकेश रावटे, उप संचालक कृषि जीएस धु्रर्वे, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सुनील वर्मा, उप संचालक पशु एवं चिकित्सा सेवाएं डॉ. राजीव देवरस, सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा, सहायक संचालक कृषि टीकम ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news