राजनांदगांव
दो दिनी रायपुर दौरे पर पहुंचे मप्र के पूर्व सीएम का जोशीला स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 जून। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के राजधानी रायपुर प्रवास के लिए राजनांदगांव स्टेशन से गुजरने के दौरान प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री जितेन्द्र मुदलियार जीतू ने समर्थकों के साथ उनका जोशीला स्वागत किया। स्थानीय स्टेशन में राजधानी एक्सप्रेस से रायपुर जाने के दौरान श्री सिंह का स्वागत करते हुए मुदलियार एवं उनके समर्थकों ने नारे लगाए।
बताया जा रहा है कि राज्यसभा सांसद श्री सिंह प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष एवं नागरिक आपूर्ति निगम के चेयरमेन रामगोपाल अग्रवाल के घर आयोजित वैवाहिक आयोजन में शिरकत करने के लिए दो दिनी दौरे पर आज पहुंचे। बताया जा रहा है कि स्टेशन में स्वागत के बाद राजनांदगांव के संबंध में श्री सिंह ने मुदलियार के जरिये जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि श्री सिंह ने संगठन और सरकार के कामकाज के संबंध में भी उत्सुकतावश जानकारी ली। राजनीतिक रूप से दिग्विजय के प्रदेशभर में कट्टर समर्थक हैं। छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद भी उनका यहां सालभर में एक-दो प्रवास हो जाता है।
जितेन्द्र मुदलियार के पिता स्व. उदय मुदलियार दिग्विजय के सबसे करीबी और भरोसेमंद समर्थक माने जाते थे। दिग्विजय के जरिये ही उदय मुदलियार ने अपनी सियासत को आगे बढ़ाया था। इस बीच ट्रेन के ठहराव के बाद दिग्विजय अपने केबिन से बाहर आए। उन्होंने संक्षिप्त रूप से कई मुद्दों पर जानकारी ली। इस दौरान इकरामुद्दीन सोलंकी, प्रेम रूचंदानी, सूरज नायक समेत अन्य लोग शामिल थे।