राजनांदगांव

भाजपा में लोकतंत्र है बाकी सभी पार्टियों में वंशवाद हावी-विष्णुदेव
11-Jul-2021 4:32 PM
भाजपा में लोकतंत्र है बाकी सभी पार्टियों में वंशवाद हावी-विष्णुदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जुलाई।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा छत्तीसगढ़ की दो दिवसीय प्रदेश पदाधिकारियों एवं प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य के मुख्य आतिथ्य, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की उपस्थिति एवं अनुसूचित जाति मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मारकंडे की अध्यक्षता में प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर रायपुर में संपन्न हुई। 

सर्वप्रथम अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री लालसिंह आर्य, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, अनुसूचित जाति मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर, बाबा गुरु घासीदास, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं.दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर प्रदेश कार्यसमिति का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कंडेय ने स्वागत भाषण देते मोर्चा द्वारा अभी तक किए गए कार्यक्रमों एवं धरना प्रदर्शन, जन आंदोलनों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति विरोधी चेहरे को उजागर करते कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में जब से कांग्रेस सरकार बनी है, तब से अनुसूचित जाति वर्गों पर खासतौर से महिलाओं एवं बच्चों पर शारीरिक उत्पीडऩ की घटनाएं लगातार घटित हो रही है। जिसका प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा प्रदेश एवं जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन करते धरना दिया एवं राज्यपाल को ज्ञापन देकर इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।

अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने छत्तीसगढ़ प्रदेश में मोर्चा के प्रदेश, जिला, मंडल एवं शक्ति केंद्र स्तर तक की संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेते भाजपा के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। साथ ही कोरोना संक्रमण काल में अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा विभिन्न जिलों में किए गए मास्क वितरण, सूखा राशन वितरण एवं सेवा के अन्य कार्यों की सराहना करते अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों को बधाई दी एवं आने वाले 3 माह के लिए नए लक्ष्य देते कार्य योजना का निर्धारण किया। साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों एवं समूहों के बीच और अधिक सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में डॉ. भीमराव अंबेडकर, पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय ने जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं एवं अनुसूचित जाति वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक कार्यक्रम एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

दीवाने का संकल्प मोर्चा प्रदेश भाजपा के महामंत्री संगठन पवन सिंह ने व्यापक मार्गदर्शन देते कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा की सरकार बनाने में अनुसूचित जाति मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रदेश में अनुसूचित जाति मोर्चा की सक्रियता एवं संघर्ष का लाभ अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित विधानसभा के साथ-साथ अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में भी मिलेगा।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि देश की आजादी के बाद से कांग्रेस एक परिवार की पार्टी थी और अब भी है। उस समय पर वह परिवार सर्वत्र एवं सर्वोच्च था। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज में समता के लिए संघर्षरत थे, लेकिन वहीं कांग्रेस असमानता का भाव रखकर अपनी सियासत करनी चाहती थी, इसलिए कांग्रेस जो पिछड़ा है, उसे पिछड़ा ही रहने देना चाहते हैं। 

उन्होंने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने समाज के विकास के लिए अलग से मंत्रालय बनाकर जो कार्य किया है, उसी कार्य को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार आगे बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति समाज पर अत्याचार बढ़ा है और कांग्रेस की मौनता इस सवाल को जन्म देती है कि क्या अनुसूचित जाति समाज केवल वोट बैंक का ही आधार है। उनकी परेशानियों में कांग्रेस कहीं भी नहीं है। हमें सदैव की तरह समाज की हर व्यक्त की चिंता करनी होगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि इस देश में भाजपा एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसमें लोकतंत्र है बाकी सभी पार्टियों में वंशवाद हावी है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते कहा कि जिसमें सभी की भागीदारी है। 2023 के चुनाव के लिए अनुसूचित जाति मोर्चा को समाज के बीच जाना होगा एवं अनुसूचित जाति की सभी 10 सीट जीतने के लिए परिश्रम करते इन वर्गों के बीच सामाजिक राजनीतिक जन जागरण करते इनके विकास की कार्ययोजना बनानी होगी। अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री वेदराम जांगड़े ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। जिसका मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन मेश्राम एवं प्रदेश मंत्री सुनीता पाटले ने समर्थन किया। तत्पश्चात अनुसूचित जाति मोर्चा के समस्त प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों एवं जिला अध्यक्षों ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। प्रदेश कार्यसमिति में करोना संक्रमण के बीच कोई जनहानि के लिए 2 मिनट का मौन रखते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। 

अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में प्रमुख रूप से सांसद गुहाराम अजगल्ले, अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद कमला पाटले, पूर्व मंत्री एवं विधायक पुन्नूलाल मोहले, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, पूर्व मंत्री दयालदास बघेल, सांवलाराम डाहरे, संजय ढीडी, विनोद खांडेकर, अनुसूचित जाति मोर्चा के सरला कोसरिया, पूर्व विधायक रामलाल चौहान, अनुसूचित जाति मोर्चा मध्यप्रदेश के प्रदेश मंत्री प्रवीण मेश्राम (बालाघाट), अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन मेश्राम, दुर्गा महेश्वर, मानिक सोनवानी, आत्माराम बंजारे, राजेश सूर्यवंशी, प्रदेश महामंत्री वेदराम जांगड़े, प्रदेश मंत्री बलिराम सांडे, संतोष मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष दीनानाथ खूंटे, सह कोषाध्यक्ष खेमराज भाखरे, प्रदेश कार्यालय मंत्री ओमेश जीभेकर, प्रदेश मीडिया प्रभारी अनिल खोबरागडे, सह मीडिया प्रभारी अनिल बाग, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी आदित्य कुरील, सह प्रभारी सौरव जागृत सहित मोर्चा के समस्त जिलाध्यक्ष उपस्थित थे। पदाधिकारियों की बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री दयावंत बांधे एवं आभार प्रदर्शन अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सारथी ने किया। उक्त जानकारी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अनिल खोबरागड़े ने दी।

प्रदेश कार्यसमिति में जमकर बरसे पवन मेश्राम
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष व बस्तर संभाग के प्रभारी पवन मेश्राम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही डॉ. बाबा साहब अंबेडकर का घोर विरोध करती रही है, इसलिए बाबा साहब को राजघाट में जगह नहीं दी गयी, अगर बाबा साहब की समाधि राजघाट में होती तो गांधी खानदान का नामोनिशान खतरे में पड़ जाता। बाबा साहब जिस पश्चिम बंगाल के जैसुर खुलना से चुनाव जीतकर संविधान सभा में पहुंचे थे, कांग्रेस ने उसको पाकिस्तान में शामिल करवाकर बाबा साहब को पाकिस्तान संविधान सभा का सदस्य बना दिया। लोकतंत्र के इतिहास में पहली बार अनुसूचित जाति वर्ग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 केंद्रीय मंत्री, 4 राज्यपाल, 1 राष्ट्रपति बनाए गए, इसके लिए भी प्रदेश कार्यसमिति में प्रधानमंत्री को धन्यवाद आभार प्रकट किया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news