राजनांदगांव
गंडई ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा त्रुटिवश सूची में नाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव-गंडई, 13 जुलाई। गंडई ब्लॉक कांग्रेस की कार्यकारिणी में बसपा से जुड़े एक व्यक्ति को महामंत्री मनोनीत किए जाने से पार्टी में विवाद गहरा गया है। बताया जा रहा है कि बसपा नेता का नाम सूची में होने से विरोधी खेमा मामले को तूल दे रहा है। राजनीतिक रूप से इसे एक बड़ी गलती मानी जा रही है। हालांकि ब्लॉक अध्यक्ष ने त्रुटिवश नाम शामिल होने की जानकारी देकर मामले का पटाक्षेप करने की कोशिश की है।
मिली जानकारी के मुताबिक ब्लॉक महामंत्री नियुक्त हुए पारस जंघेल को खैरागढ़ विधानसभा में बसपा नेता के रूप में पहचाना जाता है। बताया जा रहा है कि एकाएक वह कांग्रेस महामंत्री बनाए जाने की खबर से वह भी हैरान हो गए। हालांकि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सूची में जगह पाने के लिए उनकी मौखिक स्वीकृति ली गई थी। सूची जारी होने के बाद पारस जंघेल के नाम पर विवाद बढ़ गया है।
इस संबंध में गंडई ब्लॉक अध्यक्ष रमेश साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि पूर्व में जंघेल की मौखिक सहमति ली गई थी। वह बसपा से जुड़े हैं इस बात की जानकारी नहीं थी। जल्द ही उनके नाम को विलोपित कर दिया जाएगा। उधर कांग्रेस के भीतर इस मामले को तूल दिया जा रहा है। सूची बनाने से पूर्व सावधानी नहीं बरतने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले में पार्टी नेतृत्व से स्पष्टीकरण मांगे जाने के स्वर सुनाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बसपा नेता का नाम क्यों और किस परिस्थितियों में आया है, इस पर सियासी चर्चाएं चल रही है। बताया जा रहा है कि बसपा नेता की ओर से अब तक कांग्रेस में शामिल होने के लिए विविधत आवेदन भी नहीं दिया गया। ऐसे में सीधे महामंत्री जैसे बड़ा ओहदे में मनोनयन करने से जमीनी कार्यकर्ताओं को गहरा धक्का लगा है। उधर बसपा के जिला उपाध्यक्ष श्री जंघेल ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि ब्लॉक कांग्रेस में हुई नियुक्ति के संंबंध में कोई चर्चा नहीं हुई है। ऐसे में विवाद को हवा मिलना तय है।