रायगढ़

आंवला नवमी पर पिकनिक स्थल रहे गुलजार
13-Nov-2021 5:25 PM
आंवला नवमी पर पिकनिक स्थल रहे गुलजार

सुख समृद्धि के लिए की गई आंवला पेड़ की पूजा


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 नवंबर।
शुक्रवार को आंवला नवमी बड़ी धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान जिले के पिकनिक स्थलों में वन विहार करने वालों की भीड़ जुट रही है। मौके पर इंदिरा विहार, पर्यावरण पार्क सहित भूपदेवपुर स्थित रामझरना, इको पार्क में आंवला नवमी पर सैकड़ों लोगों ने वनभोज का आनंद लिया।  

कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी पर आंवला नवमी को धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार को मौके पर सुबह से ही वन विहार करने वालों का पिकनिक स्थलों में तांता लगा रहा। वन विभाग के इंदिरा विहार में पिकनिक मनाने वालों के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। शहर के हमीरपुर रोड स्थित इंदिरा विहार को वन विभाग द्वारा पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। करीब चार सौ एकड़ क्षेत्र में फैले इंदिरा विहार की नैसर्गिक सौंदर्यता को देखने ठंड शुरू होने के साथ ही लोगों का तांता लगता है। आंवला नवमी पर शुक्रवार को शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग वन विहार करने पहुंचे थे। इंदिरा विहार में महिलाओं ने आंवला पेड़ की पूजा-अर्चना की।

ऐसी मान्यता है कि आंवला वृक्ष पर लक्ष्मी-नारायण का वास होता है। इस वृक्ष की पूजा-अर्चना करने से परिवार में सुख-समृद्घि आती है। कई लोग इस अवसर पर सपरिवार वन विहार करने यहां पहुंचे थे। बच्चे, बुजुर्ग व महिलाओं के अलावा युवक-युवतियों की टोली ने खूब मौज-मस्ती की। बच्चों व महिलाओं ने जमकर झूला का आनंद उठाया।  

वहीं युवतियों ने मित्रों के साथ हंसी-ठिठोली कर वन विहार का लुत्फ उठाया। दूसरी तरफ खरसिया रोड स्थित भूपदेवपुर के रामझरना इको पार्क, टीपाखोल में सैकड़ों लोग पिकनिक मनाने पहुंचे। रामझरना में स्नान कर वनभोज किया। केलो नदी तट पर स्थित पंचधारी घाट में कई परिवार पिकनिक मनाने सुबह से जुटे थे। इसके अलावा शहर में स्थित हरितिमा गार्डन में भी आज लोगों सपरिवार लोगों की भीड़ देखने को मिली। वहीं एकताल रोड स्थित इको पार्क बिंजकोट में भी काफी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचे थे।

कार्तिक पूर्णिमा के दिन रहेगी रौनक
आंवला नवमी के पांच दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा को भी पिकनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ रहेगी। जिसके लिए वन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। सभी पिकनिक स्पॉटों को चकाचक करने की तैयारी की जा रही है। शहरवासियों को आकर्षित करने इंदिरा विहार सहित रामझरना इको पार्क में कार्तिक पूर्णिमा के दिन के लिए विशेष व्यव्स्था की जाएगी। बताया जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर वन विहार करने हजारों की संख्या में लोग इंदिरा विहार सहित रामझरना पहुंचते हैं।  
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news