नारायणपुर

कलेक्टर ने तौले हुए धान को फिर तौलाया और धान की नमी भी जांची
03-Dec-2021 9:36 PM
कलेक्टर ने तौले हुए धान को फिर तौलाया और धान की नमी भी जांची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नारायणपुर, 3 दिसंबर। 
कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने माहका, एडका और बेनूर धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान बेचने आए कृषकों से चर्चा कर धान खरीदी केंद्र में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने कृषकों से सोसायटी में बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, टोकन काटने की प्रक्रिया और किसानों को दी जानी वाली भुगतान की भी जानकारी ली।

खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 01 दिसम्बर से प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर  साहू प्रशासनिक अमले के साथ धान खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर जिले में धान खरीदी का जायजा ले रहे हैं। इसी तारतम्य में आज उन्होंने धान खरीदी केंद्र माहका, एडका और बेनूर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी केन्द्रों में टोकन पंजी, बारदाना पंजी, बारदाना गोदाम, धान बोरे की स्टेकिंग, ड्रेनेज और पेयजल की व्यवस्था का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थायें दुरूस्त रखने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने धान उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आए कृषकों से चर्चा कर धान खरीदी हेतु की गई व्यवस्थाओं के संबंध में संज्ञान लिया। इस दौरान जिला खाद्य अधिकारी एचएल डड़सेना, नोडल अधिकारी  प्रतीक अवस्थी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री साहू ने अपने निरीक्षण के दौरान किसानों से बातचीत की और धान बेचने आये किसानों के सामने ही तौले हुए धान को पुन: तौलाया। उन्होंने अपने सामने धान की नमी की भी जांच करायी। उन्होंने समितियों में किसानों के धान को तौलते समय तौल का पूरा ध्यान रखने और वास्तविक किसानों का ही धान खरीदने के निर्देश दिए।

किसानों ने कहा धान खरीदी केन्द्रों में समुचित व्यवस्था
धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर  धर्मेश कुमार साहू को कृषकों ने बताया कि उन्हें धान बेचने में कोई समस्या नहीं आ रही है। बड़ी ही सरलता से उन्हें टोकन प्रदान किए जा रहे हैं और धान के तौल में भी कोई गड़बड़ी नहीं हो रही है। वे जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी के लिए किए गए इंतजामों से संतुष्ट हैं। गढ़बेंगाल के कृषक रामधर मंडावी ने बताया कि उन्हें धान बेचने हेतु जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं से आसानी हुई।

कुढ़ारगांव के कृषक हीरालाल यादव उन्होंने धान खरीदी केंद्र बेनूर में टोकन कटाने, बारदाना प्राप्त करने, धान बेचने में किसी प्रकार की समस्या नही हुई। उन्हें पूर्व वर्ष बेचे गए धान की 3 कि़स्त भी प्राप्त हो गयी है। राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से जिले के कृषकों में उत्साह है। इसके लिए उन्होंने शासन प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कलेक्टर साहू ने सोसायटी प्रबंधकों को छोटे और मंझोले किसानों का प्राथमिकता से टोकन काटकर धान खरीदी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसका ध्यान रखने की हिदायत दी।

खरीदी केंद्रों में कोरोनाटीकाकरण की व्यवस्था
कलेक्टर  धर्मेश कुमार साहू ने बताया कि धान खरीदी केन्द्रों में धान बेचने के लिए आने वाले किसानों का भी टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने समिति प्रबंधकों से कहा कि धान बेचने के लिए आने वाले किसानों को टीकाकरण हेतु प्रोत्साहित करें। कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू के समक्ष आज धान खरीदी केन्द्र माहका में धान बेचने आये किसान बाजारपारा वार्ड क्रमांक 6 के निवासी हरिजय निषाद ने कोविड-19 का दूसरा डोज धान खरीदी केन्द्र पर ही लगवाया।  निषाद ने जिले के अन्य किसानों से आग्रह किया की सभी किसान भाई जिन्होंने कोविड-19 का टीका नहीं लगवाया है, वे लगवायें और जिन्होंने पहली डोज लगवा ली है, वे दूसरी डोज भी निर्धारित केन्द्रों पर जाकर लगवायें। इसके साथ ही अपने घरों के आसपास के लोगों को भी कोरोना का टीका लगवाने के लिए प्रेरित करने कहा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news