रायगढ़

शहर के दो वार्डों में कांग्रेस-भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला
13-Dec-2021 5:35 PM
शहर के दो वार्डों में कांग्रेस-भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला

दोनों दलों के बड़े नेताओं ने झोंकी ताकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 13 दिसंबर। लगभग दो वर्ष के बाद रायगढ़ शहर में कांग्रेस और भाजपा के बीच चुनावी जंग होने जा रही है। यह जंग सिर्फ दो वार्डों में होने के कारण छोटी है पर काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस जंग के परिणाम से यह जरूर संकेत मिलेगा कि रायगढ़ शहर में कैसी राजनीतिक हवा बह रही है और उसका 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव पर क्या असर पड़ेगा। इसीलिए कांग्रेस और भाजपा इन दोनों वार्डों में चुनाव जीतने के लिए पूरा जोर लगा रही है।

 2019 में नगरनिगम के लिए हुए चुनाव में वार्ड क्रमांक 9 में जहां कांग्रेस जीती थी, वहीं वार्ड क्रमांक 25 में भाजपा चुनाव जीतने में सफल रही थी। अब इन दोनों वार्डो में हो रहे उप चुनाव में कांगे्रस और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। 

कांग्रेस और भाजपा ने दोनों वार्डों में अपने अपने प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए धुआंधार चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। प्रत्याशी और कार्यकर्ता घर घर जाकर मतदाताओं से प्रत्यक्ष सम्पर्क कर अपने अपने लिए वोट मांग रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से चुनाव प्रचार की अगुवाई विधायक प्रकाश नायक स्वयं कर रहे है तो भाजपा अपने परंपरागत तरीके से चुनाव प्रचार में जुटी है। दोनों वार्डों के जो समीकरण हैं उससे अभी कांग्रेस का पलड़ा जरूर भारी लगता है परंतु भाजपा अंतिम समय में समीकरण को बदलने का पूरा माद्दा रखती है।

कांग्रेस ने वार्ड क्रमांक 9 से दिवंगत पार्षद कमल पटेल की पत्नी को अपना उम्मीदवार बनाया है जिनके प्रति मतदाताओं में सहानुभति की भी भावना दिखाई पड़ रही है । भाजपा ने इस वार्ड से श्रवण सिदार को पुन: उम्मीदवार बनाया है जोकि पिछले चुनाव में संघर्षपूर्ण मुकाबले में 82 मतों से पराजित हुए थे। वार्ड क्रमांक 25 में कांग्रेस से पिछले चुनाव में पराजित हुई सत्यवती पटेल के स्थान पर भाजपा से कांग्रेस में आई सपना सिदार को अपना उम्मीदवार बनाया है। सपना सिदार ने इस वार्ड से पिछला चुनाव भाजपा से बगावत करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी की हैसियत से लड़ा था और 485 वोट प्राप्त किये थे पर वो इस वार्ड से भाजपा की प्रत्याशी रही स्व प्रेमलता यादव को चुनाव जीतने से रोक नहीं पाई थीं।जबकि भाजपा ने इस बार वार्ड क्रमांक 25 से रश्मि वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news