राजनांदगांव

अविश्वास प्रस्ताव लाने से पहले छुरिया नपं उपाध्यक्ष ने भाजपा से दिया इस्तीफा
19-Jun-2022 12:24 PM
अविश्वास प्रस्ताव लाने से पहले छुरिया नपं उपाध्यक्ष ने भाजपा से दिया इस्तीफा

   मंडल अध्यक्ष रविन्द्र वैष्णव के रूख पर उठाए सवाल, कहा भाजपा पार्षदों पर कार्रवाई में टालमटोल  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 जून।
छुरिया नगर पंचायत उपाध्यक्ष सलमान खान ने भाजपा से इस्तीफा देकर  पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी है। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत आबंटित दुकानों में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर उपाध्यक्ष खान सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ मुखर थे।

नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा पर सलमान खान ने कई तरह के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि योजना के तहत  दुकानों के आबंटन में बंदरबाट किया गया है। वहीं सत्तारूढ़ कांग्रेस के अलावा विपक्षी पार्षदों पर भी सलमान खान ने सवाल उठाकर पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इधर इस्तीफा दे चुके सलमान खान के विरुद्ध भाजपा पार्षदों द्वारा कांग्रेस पार्षदों के साथ मिलकर अविश्वास प्रस्ताव लाना भी एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। राजनीतिक रूप से दोनों दल के पार्षदों ने उपाध्यक्ष खान के कार्यप्रणाली को लेकर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया गया।

अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए प्रशासन से पार्षदों ने एक निश्चित तारीख की मांग की है।माना जा रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना से पहले उपाध्यक्ष ने भाजपा से ही इस्तीफा दे दिया। अब भाजपा पार्षद परेशानी में पड़ गए हैं। अविश्वास प्रस्ताव की खबर के बाद जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव का पार्षदों को मनाने का प्रयास भी नाकाम रहा। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी पार्षद अपने फैसले पर अडिग रहे। बताया जा रहा है कि जिलाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्ष रविन्द्र वैष्णव को पार्षदों को शोकॉज नोटिस जारी करने का आदेश जारी किया है। हालांकि भाजपा पार्षदों को अब तक मंडल की ओर से नोटिस जारी नहीं कियाा गया है। इसके पीछे सियासी फायदा देखा जा रहा है।

इस संबंध में उपाध्यक्ष सलमान खान ने ‘छत्तीसगढ़’ से बात करते कहा कि भाजपा से इस्तीफा देने की पुष्टि की है। उनका आरोप है कि मंडल अध्यक्ष रविन्द्र वैष्णव नोटिस देने में हील-हवाला कर रहे हैं। इससे उनका इरादा ठीक नहीं दिख रहा है। गौरतलब है कि मंडल अध्यक्ष वैष्णव की कार्यप्रणाली से भी छुरिया भाजपा में काफी गुटबाजी है। मंडल अध्यक्ष पर सवाल उठाकर उपाध्यक्ष खान ने एक तरह से इस्तीफा देने के प्रमुख कारणों में  स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होना भी बताया है। बहरहाल छुरिया नगर पंचायत एक बार फिर राजनीतिक उठापटक का केंद्र बन गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news