बालोद

कलेक्टर ने आदर्श गौठान का किया निरीक्षण, साग-सब्जी व फूलों की पैदावार के निर्देश
05-Jul-2022 5:10 PM
कलेक्टर ने आदर्श गौठान का किया निरीक्षण, साग-सब्जी व फूलों की पैदावार के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद, 5 जुलाई। 
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने  रिमझिम बारिश में पुलिस अधीक्षक  जितेन्द्र कुमार यादव के साथ गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम पैरी में आदर्श गौठान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने गौठान में बाड़ी योजना के कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए समुचित मात्रा में साग-सब्जी एवं फूलों तथा फलदार पौधों का रोपण कर आदर्श उद्यान विकसित करने के निर्देश भी दिए। इसके लिए उन्होंने उद्यान विभाग के सहायक संचालक को लौकी, करेला, तोराई आदि साग-सब्जियों के अलावा, गेंदे आदि फूल लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने गौठान मे निर्मित मुर्गीपालन शेड का निरीक्षण कर मुर्गीपालन के कार्यों की सराहना की। डॉ. सिंह ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं स्वसहायता समूह के सदस्यों से मुर्गीपालन से होने वाले आमदनी के संबंध में जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से गौठान में बकरीपालन के कार्यों के संबंध में भी जानकारी ली। महिला स्वसहायता समूह के अगरबत्ती निर्माण शेड का अवलोकन कर अगरबत्ती निर्माण के कार्यों के संबंध में जानकारी ली। स्वसहायता समूह की महिलाओं से प्रतिदिन निर्मित किए जाने वाले अगरबत्ती की संख्या के संबंध में जानकारी लेते हुए इसके उत्पादन को बढ़ाने को कहा। इस दौरान उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के कार्यों का भी अवलोकन किया।

कलेक्टर ने चारागाह के संबंध में जानकारी लेते हुए गौठान से लगे शासकीय भूमि को तत्काल चारागाह के लिए चिन्हित करने के निर्देश मौके पर उपस्थित हल्का पटवारी को दिए। उन्होंने अधिकारियों को जमीन पर तत्काल चारागाह निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही पशुपालन विभाग के अधिकारी को 01 एकड़ भूमि में केवल नेपियर घास लगाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक को इस गौठान को गोद लेकर एक आदर्श गौठान के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news