कांकेर

रक्षामंत्री राजनाथ की आज जनसभा, पद्मश्री अजय मंडावी के घर पहुंचकर करेंगे मुलाकात
30-Jun-2023 8:54 PM
रक्षामंत्री राजनाथ की आज जनसभा, पद्मश्री  अजय मंडावी के घर पहुंचकर करेंगे मुलाकात

कांग्रेस शासन में आदिवासी अस्मिता खतरे में है- भाजपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 30 जून।
धर्मांतरण के माध्यम से राष्ट्रांतरण का षड्यंत्र चल रहा है। दो साल से आदिवासी अस्मिता खतरे में है और भूपेश बघेल तब दिल्ली जाकर धर्मांतरण करने वालों के सामने समर्पण कर आते हैं, धर्मांतरित लोगों को आदिवासी उत्पीडऩ की खुली छूट भूपेश बघेल सरकार ने दे रखी है। उक्त बातें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आगमन के पूर्व आज भाजपा के बस्तर संभाग संगठन प्रभारी व सांसद संतोष पांडे, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शनिवार को कांकेर आगमन को लेकर भाजपा के बस्तर संभाग संगठन प्रभारी सांसद संतोष पांडे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।

संतोष पांडे व पूर्व भाजपा सांसद विक्रम उसेंडी ने कहा कि अति प्रसन्नता का विषय है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आम जनता तक  प्रधानमंत्री मोदी का संदेश लेकर कांकेर आ रहे हैं। राजनाथ सिंह यहां नरहरदेव स्कूल प्रांगण में दोपहर 12 बजे विशाल जन सभा को संबोधित करेंगे। सभा की सफलता के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने संभाग के सभी जिलों, मंडल और बूथ स्तर तक बैठक की है। उन्होंने सभा में सभी नागरिकों को शामिल होने की अपील की।

सभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, कांकेर सांसद मोहन मंडावी, प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप, बस्तर संभाग प्रभारी सांसद संतोष पांडेय, महा संपर्क अभियान प्रभारी विक्रम उसेंडी, यशवंत जैन, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिलाध्यक्ष सतीश लटिया सहित वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।  

उन्होंने बताया राजनाथ सिंह  जन सभा के पहले पद्मश्री अजय मंडावी के निवास पहुंच कर मुलाकात करेंगे। नेता द्वय ने कहा पद्मश्री अजय मंडावी का सम्मान पूरे बस्तर का सम्मान है, पूरे बस्तर की कला और संस्कृति का सम्मान है।

प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कहते हैं कि मैं नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं। जरा वे बताएं कि बस्तर धर्मांतरण की आग में जल रहा है वहां वे कौनसी मोहब्बत की दुकान खोले हैं । दुर्ग जहां प्रदेश के चार मंत्री निवास करते हैं वहां बिरनपुर में उन्होंने कौन सी दुकान खोली है। आज समूचा बस्तर धर्मांतरण की आग में जल रहा है। 

आदिवासी नेताओं पर प्राणघातक हमले हो रहे हैं। आदिवासी संस्कृति की रक्षा कर रहे भाजपा नेताओं पर तीन तरफ  से घात लगाई जा रही है। कांग्रेस सरकार के संरक्षण में धर्मांतरित लोगों पर हमला कर रहे हैं, भूपेश बघेल की पुलिस दमन करते हुए जेल में ठूंस रही है। नक्सलियों के जरिये टारगेट किलिंग हो रही है। भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं को टारगेट बनाकर लगातार हत्याएं हो रही हैं।यह कांग्रेस की साजिश है, जो आदिवासी संस्कृति को खत्म कर देने की नीयत से अंजाम दी जा रही है।

भाजपा नेताओं ने कहा दो साल पहले से बस्तर के अधिकारी भूपेश बघेल सरकार को चेता रहे हैं कि धर्मांतरण के माध्यम से राष्ट्रांतरण का षड्यंत्र चल रहा है। दो साल से आदिवासी अस्मिता खतरे में है और भूपेश बघेल तब दिल्ली जाकर धर्मांतरण करने वालों के सामने समर्पण कर आते हैं, धर्मांतरित लोगों को आदिवासी उत्पीडऩ की खुली छूट भूपेश बघेल सरकार ने दे रखी है। भूपेश बघेल अपनी सर्वोच्च नेता सोनिया गांधी को प्रसन्न कर अपनी कुर्सी बचाने की खातिर आदिवासी संस्कृति का आखेट कराने में लगे हुए है।कांग्रेस आज आदिवासी संस्कृति को खा जाना चाहती है।

आदिवासियों से विभिन्न लोकलुभावन वादे करने वाली भूपेश सरकार ने अभी तक तेंदूपत्ता तोड़ाई का 354 करोड़ रुपए भुगतान नहीं किया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पौने पांच साल से भूपेश है तो भरोसा है का जगह- जगह सम्मेलन करा रहे हैं। इन सम्मेलनों में छत्तीसगढ़ की जनता का धन पानी की तरह बहाया जा रहा है। 

इस पत्रकार वार्ता में जिला भाजपा संगठन प्रभारी यशवंत जैन, भाजपा कांकेर जिला अध्यक्ष सतीश लाठिया भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल  के अलावा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भरत मटियारा, राजा देवनानी, देवेंद्र भाऊ, निपेन्द्र पटेल, टेकेश्वर जैन, दिनेश रजक आदि उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news