कांकेर

कांग्रेस अपने अस्तित्व पर आये संकट दूर करने चुनाव लड़ रही है- साय
02-Apr-2024 10:24 PM
कांग्रेस अपने अस्तित्व पर आये संकट दूर करने चुनाव लड़ रही है- साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 2 अप्रैल। छत्तीसगढ़ में भाजपा सभी 11 सीटे जीत रही है। कांग्रेस अपने अस्तित्व पर आये संकट दूर करने चुनाव लड़ रही है।  पूरे प्रदेश में कांग्रेस को कहीं कोई जन समर्थन नहीं मिल रहा है। भोजराज नाग के समर्थन में निकाली गई नामांकन रैली के पश्चात नए बस स्टैंड सभा स्थल में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उक्त बातें कही।

 उन्होंने कहा कि पूरे देश में भाजपा को 400 से ज्यादा सीट मिलेगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के 11 सीटों का भी योगदान होगा।  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभा को संबोधित करते हुये केन्द्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही थी। साथ ही छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री की गारंटी के तहत 18 लाख परिवार को आवास व दो साल के बोनस को सभी किसानों के खाते मे लगभग 12 लाख किसानों के खाते 16 सौ करोड़ रुपये डाला जा चुका है। वहीं किसानों के समर्थन मूल्य में हो रही धान खरीदी की राशि जल्दी ही किसानों के खाता में एकमुश्त दिया जायेगा। किसानों को थोड़ा सब्र करने की जरूरत है क्योंकि छत्तीसगढ़ के पूर्व के सरकार ने विरासत में हमे खाली खजाना दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा चुनाव के दौरान किये सभी वायदे को पूरा करने की बात कही थी।

जनता को कांग्रेस के वादों पर कोई भरोसा नहीं- किरण देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी की देखा देखी कांग्रेस भी लोक लुभावन वादे जनता से कर रही है परंतु जनता को कांग्रेस के वादों पर कोई भरोसा नहीं है ।  इन्होंने हिमाचल और कर्नाटक विधानसभा चुनाव में किए वादों को अब तक पूरा नहीं किया है । कांग्रेस के वादे भी 70 साल से गरीबी हटाओ के नारे की तरह है जो कभी पूरे हो ही नहीं सकते।  कांग्रेस सिर्फ अपने वोट बैंक को बचाने के लिए चुनाव लड़ रही है।

कांग्रेस का नाम लेने वाला कोई नहीं मिलेगा- साव

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का नाम लेने वाला कोई नहीं बचेगा। कांग्रेस में चुनाव से पहले ही भारी भगदड़ मची हुई है। कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, भाजपा की रीति नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में आ रहे हैं।  आने वाले कुछ वर्षों में कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।

कांग्रेस की घोषणाएं झूठ का पुलिंदा- केदार

प्रदेश के केबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की कई फर्जी घोषणाओं को छत्तीसगढ़ की जनता ने 2018 के चुनाव में भी सुना था । कोई घोषणाएं पूरी नहीं हुई। कांग्रेस पार्टी की तरह ही कांग्रेस की घोषणाएं भी झूठ का पुलिंदा रहा। जनता इसके कई प्रमाण देख चुकी है।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश का उत्तरोत्तर विकास हुआ है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विष्व पटल पर अपनी अलग छवि बनाई है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग की चिंता की है और सब का साथ सबका विश्वास सब का विकास के नारे के साथ देश के हर व्यक्ति के विकास के बारे में सोचा है ।

सभा को सांसद मोहन मंडावी पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय , विधायक विक्रम उसेंडी ने भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग,विधायक आशाराम नेताम, विधायक नीलकंठ टेकाम सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया । सभा का संचालन जिला महामंत्री दिलीप जायसवाल ने किया । सभा मे मुख्यमंत्री के समक्ष आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी सहित कई आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रवेश किया ।

भाजपा प्रत्याशी भोजराज ने गाजे-बाजे के साथ भरा नामांकन 

सीएम समेत दिग्गज रहे मौजूद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भाजपा के चुनाव प्रभारी नितिन नबीन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव , वन मंत्री केदार कश्यप कृषि मंत्री रामविचार नेताम , प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ,की उपस्थिति में भाजपा प्रत्याशी भोजराज ने गाजे बाजे के साथ नामांकन दाखिल किया।

भोजराज नाग की लोकसभा चुनाव  नामांकन रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नेतृत्व में शक्ति प्रदर्शन किया गया। इस रैली में प्रदेश सरकार के आधा दर्जन मंत्री व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सहित भाजपा के प्रदेष पदाधिकारी और जिले के पदाधिकारी सामिल हुए।

आज नामांकन भरने के पूर्व लगभग 11 बजे से ही पार्टी के प्रदेश व जिले के पदाधिकारीगण जिला भाजपा कार्यालय कमल सदन पहुंचे। वहीं रैली में सामिल होने आम नागरिक व ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सामान्य जन एकत्र होने लगे थे। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कांकेर, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़, केषकाल, सिहावा, बालोद, गुंडरदेही, और डौंडीलोहारा विधान सभाक्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण जन विभिन्न वाहनों में कांकेर के कम्युनिटी हॉल में पहुंचे थे।

चिलचिलाती धूप के बीच महिलाओं और पुरूषों की रैली पुराना कम्यूनिटी हॉल से निकली थी जो मुख्यमार्ग से होते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर पहुंची।  बस स्टैंड के समीप आयोजित आमसभा स्थल पर मुख्यमं़त्री ने सभा को संबोधित किया।इस नामांकन रैली में लोक क्लस्टर  अजय चंद्राकर,सह प्रभारी विक्रम सिंह उसेंडी ,यशवंत जैन,लोकसभा प्रभारी अभिषेक सिंह ,सह प्रभारी संतोष बाफना ,लोक सभा सांसद मोहन मंडावी,लोकसभा संयोजक भरत मटियारा, सह संयोजक यज्ञदत शर्मा,केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ,कांकेर विधायक आशाराम नेताम, पवन साहू ,  प्रकाश बैस, दीपेश अरोरा , भाजपा कार्यकर्ता बैगा, गुनिया , सिरहा आदि रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news