दन्तेवाड़ा

केन्द्र सरकार व प्रधानमंत्री का जताया आभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 22 सितंबर। लोकसभा-राज्यसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास होने पर दंतेवाड़ा के बचेली में भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा द्वारा गुरुवार को जश्न मनाया गया। नगर के मुख्य मार्ग साम्पलेक्स नाला स्थित भाजपा कार्यालय में महिला मोर्चा की सदस्यों ने एक दूसरे को मिठाईयां खिलाकर उत्सव मनाया, साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया गया। भाजपा जिंदाबाद, नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाये गये।
भाजपा जिला मंत्री उषा किरण पात्रे ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के सरकार में महिलाओं के हित में धरातल पर कार्य किया है। इस बिल से संसद में अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित होगी। यह बिल भारतीय इतिहास में उल्लेखनीय परिवर्तन लाएगा। अनुसुईया भोपले ने कहा कि इस बिल के पारित होने में महिलाओं में हर्ष व्याप्त है और भविष्य में और अधिक मतों से मोदी जी विजयी होंगे।
बचेली मंडल अध्यक्ष सुमित सरकार ने कहा कि यह बिल पास होने पर पीएम मोदी और केन्द्र सरकार का आभार जताया। लंबे इंतजार के बाद महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिलेगा। मोदी जी ने हमेशा से नारी का सम्मान किया है। अब इस आरक्षण से राजनीतिक तौर पर महिलाएं मजबूत होगी। गौरतलब है कि इस बिल के पास होने से लोकसभा में 181 सीटे महिलाओं के लिए आरक्षित होगी। इस दौरान में उषाकिरण पात्रे, झिलकी नाग, अरूणा टंडन, अनुसुईया उईके, राजकुमारी शिंडे, शिखा अधिकारी, गीता नाग, शांति साहा, पुष्पा सिंह, शांति वैश्य, सावित्री नाग, शीला साहु, राधा भास्कर सहित अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।