कांकेर

केंद्र की भाजपा सरकार से जनता का भरोसा टूट रहा है- प्रियंका
06-Oct-2023 10:11 PM
केंद्र की भाजपा सरकार से जनता का भरोसा टूट रहा है- प्रियंका

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कांकेर, 6 अक्टूबर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा की सरकार अमीरों के लिए चलती है। देश में किसान की एक दिन की कमाई  27 रुपए है, वहीं अडानी की एक दिन की आमदनी 16सौ करोड़ की है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को कांकेर पहुंचीं।  नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन की विशिष्ट अतिथि प्रियंका गांधी एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आदिवासी समाज की देवी जिम्मेदारीन माता देवगुड़ी में दीप प्रज्वलित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण कर राजगीत के साथ नगरीय निकाय एवं पंचायती राज सम्मेलन की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने  प्रियंका गांधी का स्वागत गौर सिंग मुकुट पहनाकर किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल एवं श्रीमती गांधी का स्वागत गजमाला पहनाकर किया गया।

  कांकेर में प्रियंका गांधी ने एक विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए आगे कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जातिगत जनगणना से ध्यान भटकाने के लिए कभी धर्म तो कभी समुदाय की बातों में उलझा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की तरह छत्तीसगढ़ में भी जातिगत जनगणना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केद्र सरकार बताए कि आज पिछड़े वर्ग के कितने लोग हैं, जो उच्च अधिकारियों के पदों में है। आज सरकार टैक्स के उपर टैक्स लगाते जा रही है। किसान महंगाई के बोझ से दिनों दिन कमजोर होता जा रहा है। बेरोजगारी पिछले 40 सालों में सबसे ज्यादा अब हुई है। केंद्र सरकार से जनता का भरोसा टूट रहा है। केंद्र सरकार किस तरह उद्योगपतियों को सींच रही है। इसे पूरा छत्तीसगढ़ व पूरा देश देख रहा है।

 प्रियंका गांधी ने आम जनता को आव्हान किया कि वे जागरूक हो जावें और देश की बागडोर सही हाथों में दें।  पंचायती राज की बात हुई तब मंशा ये थी कि लोकतंत्र को गांवों तक पहुंचाया जाए। गांव का विकास का निर्णय गांव  गांव के ही प्रतिनिधि करें। आप अपने लोगों के हित में निर्णय ले सके, यही मूल बात है। लोकतंत्र की नींव पंचायत में, गांव में, नगर पालिकाओं में बसती है।

उन्होंने कहा कि बस्तर से मेरा बहुत पुराना नाता है। इंदिरा जी ने 1972 में जो कही थी  भूपेश बघेल आज उसे पूरा कर रहे हैं। स्वामी आत्मानंद जी के नाम से आज प्रदेशभर में विद्यालय, महाविद्यालय खोले गए हैं।आज बस्तर एक अंतरराष्ट्रीय मॉडल बन गया है। छत्तीसगढ़ में आज देश का सबसे बड़ा मिलेट प्रोसेसिंग प्लांट है। आपकी सरकार आगे बढ़ाने का काम कर रही है, यहां का मिलेट्स प्रोसेसिंग प्लांट एशिया का सबसे बड़ा प्लांट है।

उन्होंने कहा कि बस्तर आज प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है, बहुत लोगों को रोजगार मिल रहा है। 60 से ज्यादा वनोपज समर्थन मूल्य पर खरीदे जा रहे हैं। मनरेगा योजना भी हमारी सरकार ने लायी है। यहां विकास गांव में हो रहा है यहां का किसान खुश है और जितने भी कार्य हो रहे हैं, यहां स्थानीय निकायों से कार्य हो रहा है।

मौजूदा छत्तीसगढ़ सरकार ने पेसा कानून लागू करके इसे और भी सशक्त बनाया। आज भी अरबों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ है।

छत्तीसगढ़ की सरकार ने 24 घण्टे के भीतर ही ऋणमाफी करने का काम किया था। आज छत्तीसगढ़ की सरकार पुरानी पेंशन दे रही है।

यहां 5 साल में करोड़ों रुपये जनता के जेब में डाले गए हैं, 40 लाख लोग गरीबी रेखा से बाहर आये हैं। उत्तर भारत में आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई है, यहां छत्तीसगढ़ में मैं गर्व के साथ कहना चाहती हूं,  गौठान बनने से आवारा पशुओं की समस्या हल हुई है और आपको लाभ भी हुआ है।

 समर्थन मूल्य में धान खरीदी हुई है। आपकी उपज के लिए अतिरिक्त लाभ मिल रहा है।  भूमिहीन मजदूरों को 7 हजार रुपये आर्थिक सहायता दी जा रही है, गोबर से भी पशुपालकों को बहुत लाभ हो रहा है। हमारी सरकार ने तेंदूपत्ता का दाम 4 हजार रुपये किया।

5 लाख तक मुफ्त इलाज और सरकारी कॉलेजों में छात्राओं के लिए मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था की गई है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं का करोड़ों रुपए का कर्ज माफ किया गया। इस तरह की योजनाएं आपके लिए बनाई गई ताकि आपको सीधा लाभ मिले। आज छत्तीसगढ़ का पूरे देश में पहचान है, सम्मान है। छत्तीसगढ़ आज सामाजिक और सांस्कृतिक तौर पर विकसित हो रहा, यहां भगवान राम जी 14 वर्ष बिताए, जहां समय बिताए उसका रामवनगमन पथ के रूप में विकास कर रहे हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news