कांकेर

प्रियंका ने सीएम के साथ पुरखती कागजात और ताना बाना पुस्तिका का किया विमोचन
07-Oct-2023 2:39 PM
प्रियंका ने सीएम के साथ पुरखती कागजात और ताना बाना पुस्तिका का किया विमोचन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 7 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय कांकेर के गोविन्दपुर खेल मैदान में  आयोजित ‘‘नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन’’ में जिले को 866 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शामिल हुर्इं।

नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रियंका गांधी ने पुरखती कागजात और ताना बाना पुस्तिका का विमोचन किया। बस्तर में क्षेत्रवार आदिवासी समुदायों के देवी-देवताओं की वाचिक परम्परा में प्रचलित मान्यताओं को लेखबद्ध कर उन्हें जारी किये गये सामुदायिक वन अधिकार के प्रपत्रों को संकलित कर  ‘ ‘पुरखती कागजात’’ नामक (भाग एक) पुस्तिका तैयार की गई है।  ‘ ‘पुरखती कागजात’’ (भाग-दो ) में संरक्षित खसरों का संकलन है, जिसमें भुईया के माध्यम से खसरे के कैफियत कॉलम में मातागुड़ी, देवगुड़ी के नाम व रकबा उल्लेखित कर राजस्व अभिलेख संरक्षित किया गया है।

ज्ञात हो कि आदिवासी समुदायों के परम्पराओं एवं मान्यताओं पर आधारित सामाजिक ताना-बाना संभाग में निवासरत प्रमुख आदिवासी समुदायों यथा- गोंड, हल्बा, भतरा, धुरवा, मुण्डा, मुरिया, कोया समुदाय के लोगों के जीवन में प्रचलित सांस्कृतिक रीति-रिवाजों एवं विभिन्न प्रकार के जन्म-मृत्यु संस्कारों, त्यौहारों. विभिन्न परम्पराओं एवं मान्यताओं पर आधारित सामाजिक ताना-बाना नामक पुस्तिका बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण द्वारा प्रकाशित की जा रही है, जिसका विमोचन  मुख्यमंत्री द्वारा किया जा रहा है। उपरोक्त पुस्तिका का विमोचन आज अतिथियों द्वारा किया गया।

कांकेर के हब एंड स्पोक मॉडल हमर लैब का शुभारंभ

कांकेर के हब एंड स्पोक मॉडल हमर लैब का शुभारंभ किया गया, इसमें स्वास्थ्य केन्द्र से रक्त नमूना संग्रहण कर हमर लैब मितान के द्वारा लैब जांच के लिए लाया जाएगा। जांच उपरान्त रिपोर्ट हमर लैब से सीधे मरीज के मोबाईल पर प्रेषित किया जाता है। इस अवसर पर मरीज दिशान अशरफ से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली दिशान को थैलीसीमिया की दिक्कत थी। उपचार उपरांत अभी स्वस्थ हैं।

प्रियंका गांधी एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 5 पांच युवकों को रोजगार प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इन्हें सिक्योरिटी गार्ड में नौकरी मिली है। उल्लेखनीय है कि जिले में अभी तक 502 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। 1482 युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा गया।

प्रियंका  ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया

प्रियंका गांधी एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों पर अवलोकन किया। उन्होंने स्ॅम् से प्रभावित क्षेत्र के  कनेक्टिविटी क्रांति के मॉडल का अवलोकन किया, जिसके तहत विगत 5 वर्षों में यहां 4599 किलोमीटर लम्बी 1460 सडक़ बनाई गई है, जो बस्तर कोंडागांव, कांकेर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और बीजापुर को जोड़ती है। सरकार की विशेष योजना के तहत जिले में थर्ड जेंडर के 8 लोगों को आरक्षक की नौकरी भी दी गई है। श्रीमती गांधी ने थर्ड जेंडर आरक्षक रतनू, दिव्या निषाद और सूरज कुमार से चर्चा की और सरकार की इस योजना की सराहना की।

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की छात्राओं ने श्रीमती गांधी का स्वागत बांस से बनी माला पहनाकर किया। कक्षा 11वीं और 12वीं में पढऩे वाली छात्राओं ने श्रीमती गांधी के साथ फोटो भी खिंचाई। श्रीमती गांधी ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें ऑल द बेस्ट एवं वी आर प्राउड ऑफ़ यू, भी कहा। श्रीमती गांधी ने हब एंड स्पोक मॉडल हमर लैब का अवलोकन किया। यहां लैब में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। अतिथियों ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान की सराहना की।  इस अभियान को आठ चरणों में चलाया गया, जिससे धनात्मक प्रकरणों, मृत्यु दर और एपीआई दर में बड़ी कमी आई है। अतिथियों ने बस्तर संभाग के परंपरागत कला स्टॉल का भी अवलोकन किया। यहां हाथ करघा बुनाई प्रशिक्षण केंद्र में पिछले तीन वर्षों में 105 महिला समूह को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा गया है। इस बीच श्रीमती गांधी ने चरखा चलाकर सूत भी काटा और माटी कला के स्टॉल में दिया में कलात्मक रंगाई भी की। उन्होंने उत्तर बस्तर की प्रसिद्ध कला बेल मेटल से तैयार उत्पादों अवलोकन किया। यहां महिला समूह को बेल मेटल के माध्यम से स्व-रोजगार से जोड़ा गया है।

‘‘नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन’’ में मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों के द्वारा विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत कुल 12 हजार 730 हितग्राहियों को 5.78 करोड़ रूपए की सामग्री , ऋण स्वीकृति पत्रक, चेक, अनुदान, वन अधिकार मान्यता पत्र आदि का वितरण किया किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news