कांकेर
खेत में फसल देखने गया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 10 अक्टूबर। हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से पखांजूर निवासी एक किसान की खेत में मौत हो गई।
घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है, उनका कहना है कि बरसों से तारों की मरम्मत नहीं कराई जा रही थी। जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
जिले के पखांजूर के पी.वी.47 गोंडाहूर निवासी किसान कृष्ण बाला (49 वर्ष) सोमवार की सुबह खेत में अपनी फसल देखने गया था। जहाँ वह टूटे हुए हाई वोल्टेज 33 केवी तार की चपेट में आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना बिजली विभाग और पुलिस को दी गई।
सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारी पांच घंटे देरी से पहुंचे। मृतक किसान के शव को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मृतक के घर में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बहुत बुरा हाल हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि कृष्ण बाला प्रतिदिन सुबह 8 बजे उठ कर वह अपने फसल देखने खेत जाता था। इसी तरह वह आज भी सुबह खेत गया था। जहां वह हाईवोल्टेज तार की चपेट में आगया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस हाई वोल्टेज तार को 30 साल से मेंटेनेंस नहीं किया गया था। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी बिजली विभाग द्वारा कोई एक्शन नहीं लिया गया। इस तरह बिजली विभाग की लापरवाही से ही किसान की जान चली गई। घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है, उनका कहना है कि बरसों से तारों की मरम्मत नहीं कराई जा रही थी। जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।