कांकेर

कांग्रेस सरकार ने राज्य को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया-अर्जुन मुण्डा
19-Oct-2023 9:01 PM
कांग्रेस सरकार ने राज्य को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया-अर्जुन मुण्डा

  भाजपा के सभी प्रत्याशियों ने नामाकंन भरा, किया रोड शो  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 19 अक्टूबर।
जिले के तीनों विधानसभा कांकेर, भानुप्रतापपुर व अंतागढ़ के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों आशाराम नेताम, गौतम उइके तथा विक्रम उसेण्डी ने आज केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा की मौजूदगी में निर्वाचन कार्यालय कांकेर में अपना नामांकन भरा। 
    
नामांकन से पहले भाजपा कार्यालय कमल सदन से मुख्य मार्ग होते हुए जिला कार्यालय तक रोड शो किया गया। नामांकन रैली के बाद नये बस स्टैण्ड में केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा ने सभा को संबोधित किया।  

केन्द्रीय अजजा मंत्री अर्जुन मुण्डा ने कहा कि आज की नामांकन रैली में उमड़ी भाजपा कार्यकर्ताओं व आम जनता की भीड़ इस बात का स्पष्ट संकेत है कि छ.ग. में परिवर्तन की लहर है। उन्होंने केन्द्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि भूपेश सरकार ने केन्द्र की योजनाओं से प्रदेश की जनता को वंचित करने का काम किया है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार के चलते प्रदेश की गरीब जनता को न तो प्रधानमंत्री आवास का लाभ मिल पा रहा है और न ही स्वच्छ जल के चलाई जा रही हर घर नल-जल योजना का लाभ।

श्री मुण्डा ने कहा कि प्रदेश की आदिवासी जनता के कल्याण व आर्थिक उत्थान के लिए 15 हजार करोड़ दिये है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के किसान, गरीब, महिला, युवा, मजदूर सबसे लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाई है। कांग्रेस सरकार ने छ.ग. को भ्रष्टाचार का अडडा बना दिया है।

भाजपा प्रत्याशी विक्रम उसेण्डी ने कहा कि कांग्रेस विधायक के कार्यकाल में हर काम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गये। वर्तमान विधायक से क्षेत्र की जनता ही नहीं खुद कांग्रेसी भी त्रस्त थे, इसलिए उनका टिकट काट दिया गया। 

लोकसभा सांसद मोहन मण्डावी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार ने सभी वर्गों को छलने का काम किया है । पिछले चुनाव में कांग्रेस द्वारा किये गये 36 वादों में से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ है। 

 कांकेर व भानुप्रतापपुर के भाजपा प्रत्याशी आशाराम नेताम व गौतम उइके ने भी संबोधित किया।

सभा का संचालन जिला महामंत्री दिलीप जायसवाल ने व आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री बृजेश चौहान ने किया। सभा में भाजपा प्रदेश मंत्री महेश जैन, पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, सुमित्रा मारकोले, भरत मटियारा, शालिनी राजपूत , अंतागढ़ विधानसभा प्रभारी गौतम गोलछा, सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news