कांकेर

कांग्रेस के 5 साल के शासन में छत्तीसगढ़ ने सरकार की नाकामी देखी है- मोदी
02-Nov-2023 10:25 PM
कांग्रेस के 5 साल के शासन में छत्तीसगढ़ ने सरकार की नाकामी देखी है- मोदी

कहा-सबसे बड़ा धोखा छत्तीसगढ़ की युवाओं के साथ कांग्रेस ने किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 2 नवंबर।
  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सबसे बड़ा धोखा छत्तीसगढ़ की युवाओं के साथ किया है।  पीएससी को कांग्रेस का दफ्तर बनाया।  छत्तीसगढ़ पीएससी में कांग्रेस नेताओं के बच्चों को ही लाभ दिया।  उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को लूटने धोखा देने वाला कितना भी ताकतवर क्यों न हो, मोदी की गारंटी है लूटने वाला एक भी नहीं बचेगा। 

श्री मोदी ने आज कांकेर के गोविंदपुर के खेल मैदान  में एक विशाल आम सभा को संबोधित करते कहा कि छत्तीसगढ़ के हर गरीब, आदिवासी, और पिछड़े वर्ग की रक्षा करना भाजपा का संकल्प है। यदि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो देश का टॉप राज्य बनाना हमारा संकल्प है। 

उन्होंने कहा कि यह चुनाव विधायक मंत्री मुख्यमंत्री बनाने का नहीं है, यह आपके, और आपके बच्चों का भविष्य बनाने का है। कांग्रेस के 5 साल के शासन में छत्तीसगढ़ ने सरकार की नाकामी देखी है। कांग्रेस के इस शासनकाल में नेताओं की कोठी बंगले और कारों का विकास हुआ है।  कांग्रेस नेताओं के बच्चों और रिश्तेदारों का ही फायदा हुआ है।  आदिवासी पिछड़ों दलितों को क्या फायदा हुआ। प्रदेश को टूटी-फूटी सडक़ें, बीमार बदहाल स्कूल, अस्पताल मिली है। सरकारी दफ्तरों में घूसखोरी का रिकॉर्ड बना है। नौकरियों में बंदरबाट हुआ है। कांग्रेस सरकार ने हत्या अपराध हिंसा ही  दिया है।

आगे कहा कि हम वर्तमान और भविष्य दोनों की चिंता करते हैं। केंद्र की भाजपा सरकार ने जो भी योजना बनाई है, वह गरीबों,आदिवासियों का कल्याण, पिछड़ों ,गरीबों का कल्याण की योजना  बनाई है। हमारे पास पक्के मकान देने की योजना है। हमने देश भर में साढ़े चार करोड़ पक्का मकान देशवासियों को दिया है। बढ़ती जरूरतों को देखते हुए  छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों को भी लाखों मकान देने की योजना है।  यहां की कांग्रेस सरकार ने गरीबो की मकान की योजना में रोड़े अटकाती रही है। हमारी गारंटी है छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद पीएम आवास योजना बनाने का काम और तेज किया जाएगा ।

भाजपा सरकार ने आपके लिए मुक्त राशन की योजना बनाई है।  इसमें भी कांग्रेस ने धोखा किया है।  आजादी के बाद पंचायत से लेकर प्रधानमंत्री तक के पदों में कांग्रेस की सरकार रही है। हमें लोगों के इलाज की चिंता है। बस्तर से ही हमने आयुष्मान योजना का शुभारंभ किया था। छत्तीसगढ़ के 2 करोड़ लोग इसका लाभ ले रहे हैं। भाजपा की सरकार ने मुफ्त इलाज की योजना जन औषधि, अटल पेंशन, मानधन योजना आदि गरीबों के लिए बनाई है।  इसके सबसे ज्यादा लाभार्थी एसटी एससी और ओबीसी वर्ग के हैं। हमने विश्वकर्मा योजना लागू किया। पीएम विश्वकर्मा योजना, विधानसभा और लोकसभा में महिला आरक्षण बिल लागू किया । भारतीय जनता पार्टी ने पहले बार किसी आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति के पद पर बिठाया। कांग्रेस ने इसका भी विरोध किया।  उन्होंने आदिवासी बेटी के  इस अपमान का बदला कांग्रेस से लेने की अपील किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि   छत्तीसगढ़ में तृतीय और चतुर्थ वर्ग की भर्ती में कांग्रेस की भूमिका अच्छी नहीं रही है। हमने महार महारा आदि 12 जातियों को अनुसूचित जनजाति में शामिल किया है। मेडिकल कॉलेज में हमने ऑल इंडिया कोटा में ओबीसी  आरक्षण दिया  है। भाजपा की सरकार बनने पर छत्तीसगढ़ में मातृभाषा में पढ़ाई की जाएगी। श्री मोदी ने कहा कि  कांग्रेस ने गौ माता का भी अपमान किया है गौ माता के नाम पर पशुपालकों को धोखा दिया है। यहां 300 गोवर्धन प्लांट बनाया गया है।  मगर जांच से पता चला है कि 250 प्लांट फर्जी हैं। कांग्रेस ने  आज से 5 साल पहले शराब बंदी का वादा किया था लेकिन वादा पूरा करने के बजाय शराब घोटाला किया गया है। जिसका फायदा कांग्रेस के नेताओं ने उठाया है।  कांग्रेस ने सबसे बड़े धोखा छत्तीसगढ़ की युवाओं के साथ किया है।  पीएसी को कांग्रेस का दफ्तर बनाया।  छत्तीसगढ़ में पीएससी में में कांग्रेस नेताओं के बच्चों को ही लाभ दिया।  उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को लूटने धोखा देने वाला कितना भी ताकतवर क्यों ना हो मोदी की गारंटी है लूटने वाला एक भी नहीं बचेगा।

भाजपा के केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ का एक लाख करोड़ का धान खरीदा है।  कांग्रेस झूठ बोलती है कि वह खरीद रहे हैं।  धान की खरीदी और किसानों को इसका लाभ तो भाजपा ही दे सकती है। भाजपा की सरकार बनी तो मोटे अनाजों जैसे कोदो कुटकी रागी आदि अनाजों के भी अच्छे भाव मिलेंगे। बीते 5 वर्ष में छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता संग्राहकों को भी कांग्रेस सरकार ने लूटा है हमारी सरकार बनी तो तेंदूपत्ता खरीदी का विस्तार करेंगे छत्तीसगढ़ में नए उद्योग नई फैक्ट्री लगेंगे बस्तर में स्टील कारखाना बनाया जाएगा इससे एक लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में मंच पर मुख्य रूप से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ,डॉ. रमन सिंह ,मोहन मंडावी, लता उसेंडी कोंडागांव प्रत्याशी ,विक्रम उसेंडी अंतागढ़, प्रत्याशी रंजना साहू धमतरी विधायक नीलकंठ टेकाम केशकाल प्रत्याशी ,आशा राम नेताम कांकेर प्रत्याशी ,गौतम उइके भानुप्रतापपुर प्रत्याशी ,देवलाल ठाकुर डौंडी लोहरा प्रत्याशी ,श्रवण मरकाम सिहावा प्रत्याशी, राकेश यादव बालोद प्रत्याशी ,महेश जैन प्रदेश मंत्री भाजपा, जगदीश राम रोहरा प्रदेश मंत्री भाजपा,शालिनी राजपूत प्रदेशाध्यक्ष महिला मोर्चा ,दिनेश कश्यप राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजजा मोर्चा ,संतोष पाण्डे बस्तर संभाग प्रभारी ,निरंजन सिन्हा बस्तर संभाग सह प्रभारी ,सतीश लाटिया भाजपा जिलाध्यक्ष कांकेर ,दीपक अरोरा भाजपा जिलाध्यक्ष कोंडागांव ,कृष्ण कांत पवार भाजपा जिलाध्यक्ष बालोद ,शशि पवार भाजपा जिलाध्यक्ष धमतरी,यशवंत जैन जिला संगठन प्रभारी ,दीपक साहू सह प्रभारी ,देवलाल दुग्गा पूर्व विधायक,सुमित्रा मारकोले पूर्व विधायक,ब्रह्मानंद नेताम पूर्व विधायक,भोजराज नाग पूर्व विधायक,महावीर सिंह राठौर आदि उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news