बलौदा बाजार

भाजपा सरकार महतारी वंदन के लिए देगी 50 हजार करोड़, यह मोदी की गारंटी है- भाजपा
14-Nov-2023 6:18 PM
भाजपा सरकार महतारी वंदन के लिए देगी 50 हजार करोड़, यह मोदी की गारंटी है- भाजपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 14 नवंबर।
बलौदाबाजार विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी टंकराम वर्मा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सुनिश्चित जीत को देखते हुए कांग्रेस के दिमाग ने काम करना बंद कर दिया है। भाजपा के संकल्प पत्र में मोदी जी की गारंटियों ने कांग्रेस का मानसिक संतुलन बिगाड़ दिया है। इनके राष्ट्रीय नेता राहुल और प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ की जनता को जो गारंटियां दे गए थे, उन गारंटियों को कांग्रेस ने बार-बार बदलकर यह साबित कर दिया है कि उन्हें अपने राष्ट्रीय नेताओं पर भरोसा नहीं है और छत्तीसगढ़ की जनता को छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी मुख्यमंत्री, उनकी सरकार और कांग्रेस पर भरोसा नहीं है। इसलिए अब कांग्रेस अपनी घोषणाओं पर चर्चा करने के बजाय भाजपा के घोषणा पत्र की समीक्षा करने पर ज्यादा जोर दे रही है। 

श्री वर्मा ने आगे कहा कि महिला विरोधी कांग्रेस अपनी सरकार का दुरुपयोग करते हुए पुलिस और प्रशासन तंत्र के साथ अपने कार्यकर्ताओं के जरिये हमारे कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त करा रहे है ताकि हमने महिलाओं के हित में जो गारंटी देश के प्रधानमंत्री की ओर से दी है वह महिलाओं तक न पहुंच पाए। 

पूर्व विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े ने कहा कि कांग्रेस की वादाखिलाफियों से छत्तीसगढ़ की जनता अच्छी तरह वाकिफ है। ये वादा तो कर लेते है लेकिन जब निभाने की बारी आती है तो साफ मुकर जाते है। हमारे कार्यकर्ताओं पर हुए अनैतिक कार्यवाही का हम विरोध करते हैं और उन्हें ये बतला देना चाहते हैं कि भाजपा का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं हैं वो लड़ेगा और जीतेगा इस कुशासन के विरुद्ध हम मजबूती से लड़ेंगे।

 डॉ. जांगड़े ने आगे कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। एक भी वादा कांग्रेस की सरकार ने नहीं निभाया। कांग्रेस ने महतारी वंदन तो किया नहीं। वह तो महिलाओं का शोषण करने में भरोसा करती है। महतारी वंदन योजना तो हम संचालित करेंगे। भाजपा की सरकार बनने पर हर विवाहित महिला को माह में एक हजार, यानी साल में 12 हजार मतलब 5 साल में 60 हजार रुपये देंगे। यह भाजपा का संकल्प है। मोदी जी की गारंटी है। भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ की हर महतारी का वंदन करने 50 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान करेगी।

भाजपा का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन की टीम ने दो निर्दोष भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया , जसके विरोध में भाजपा प्रत्याशी टंकराम वर्मा और पूर्व विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े के नेतृत्व में भाजपाईयों ने तहसील कार्यालय का घेराव किया और निर्दोष कार्यकर्ताओं को रिहा करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और नारेबाजी किए देर रात तक चले विरोध प्रदर्शन से घबराकर अंतत: जिला प्रशासन ने उक्त दोनों भाजपा कार्यकर्ताओं के रिहाई का आदेश जारी किया, तब धरना समाप्त किया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news