दन्तेवाड़ा

प्राण-प्रतिष्ठा, राम रंग में रंगा दंतेवाड़ा
22-Jan-2024 9:31 PM
प्राण-प्रतिष्ठा, राम रंग में रंगा दंतेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
दंतेवाड़ा, 22 जनवरी।
अयोध्या में श्रीरामलला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर पूरा जिला राममय हो गया। नगर के सभी चौक-चौराहों को भगवा ध्वज एवं तोरण से सुसज्जित किया गया था। वहीं विगत रात्रि से ही मुख्यालय के सभी मुख्य मंदिर भजन-कीर्तन से गूंज रहे थे। इसके अलावा आज जगह-जगह मानस मंडलियों द्वारा रामचरित मानस का पाठ किया जा रहा था। 

आज प्रात: 11 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर के प्रांगण से अथाह आस्था और उल्लास के साथ स्कूली बच्चें, गायत्री परिवार एवं आम जन मानसों के द्वारा मां दंतेश्वरी प्रागंण से लेकर बस स्टैण्ड चौक तक कलश एवं शोभायात्रा निकाली गई। 

शोभायात्रा में प्रभु श्रीराम के जय कारे के बीच प्रभु राम, मां सीता, अनुज लक्ष्मण एवं महाबली हनुमान की वेशभुषा धारण किये हुए छात्र-छात्राएं विशेष आकर्षण का केन्द्र बने हुए थे। साथ ही अन्य छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं ने भी परंपरागत पीले वस्त्र धारण करके कलश यात्रा की शोभा बढ़ा दी। 

शहर में जगह-जगह प्राण प्रतिष्ठा समारोह का अयोध्या से सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई थी, जहां इस धार्मिक एतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए राम भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। मां दंतेश्वरी प्रागंण को भी रंगोली से सजाया गया था। साथ ही परिसर स्थल में सुरसंगम मानस मंडली चितालंका, ज्ञान गंगा मानस मंडली बचेली, माडिय़ा मानस मंडली गुमड़ा, श्रद्वा मानस मंडली धरमपुरा कैम्प किरंदुल तथा सत्संग रामायण मंडली बालपेट के द्वारा क्रम से रामचरित मानस का पाठ किया गया। कल रात से ही मुख्यालय के नागरिकों ने रामलला प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में घर-घर दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाया। इसके अलावा जिले के अन्य स्थानों से भी भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन मौजूद थे।

नकुलनार में भव्य आयोजन
आस्था केंद्र शिव मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का विराम हुआ। कथावाचक पंडित गोकर्ण महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालुओं ने 7 दिनों तक अमृतपान किया। राम भक्तों ने सुंदरकांड का संगीतमय पाठ किया। नागरिकों द्वारा आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई, इसके उपरांत विशाल भंडारा प्रसाद वितरण किया गया। जिसका हजारों श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news