कांकेर

एक करोड़ की बीमा राशि हड़पने नानी को सांप से डसवाया, नाती समेत 3 बंदी
24-Feb-2024 10:08 PM
 एक करोड़ की बीमा राशि हड़पने नानी को सांप से डसवाया, नाती समेत 3 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 24 फरवरी। एक करोड़ की  बीमा राशि को हड़पने नानी को सांप से डसवाने वाले नाती सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से बैंक खाता पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पॉलिसी पेपर्स, ज्वेलरी, हत्या में प्रयुक्त वाहन स्कॉर्पियो, मोटरसाइकिल, 10 लाख रुपए नगद, दो सांप एवं जड़ी-बूटी जब्त किया गया।

आवेदक राजेश खसवा निवासी कापसी थाना पखांजूर द्वारा अपनी चाची स्व. रानी पठारिया निवासी थाना बांदे जिला कांकेर की मई 2023 में सर्पदंश से हुई मृत्यु के संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पखांजूर में शिकायत पत्र प्रेषित किया कि उनकी चाची रानी पठारिया की मृत्यु सांप काटने से हुई सामान्य मौत नहीं है, बल्कि उसके पीछे जीवन बीमा कराकर क्लेम की राशि प्राप्त करने के लिए रानी पठारिया की हत्या की साजिश रची गई थी।

शिकायत अत्यंत गंभीर प्रकृति की होने से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर ने इसे त्वरित जांच में लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांकेर आई.के. एलेसेला को अवगत कराकर जांच हेतु मार्गदर्शन लिया एवं शिकायत के तथ्यों की जांच प्रारंभ की गई। थाना बांदे के मर्ग क्रमांक 13/23 धारा 174 जाफ़ौ के अनुसार रानी पठारिया की 2 एवं 3 मई 2023 की दरमियानी रात सर्पदंश से हुई, मृत्यु पर थाना बांदे जिला कांकेर में पंजीबद्ध किया गया था।

गवाहों के बयान के आधार पर यह खुलासा हुआ कि रानी पठारिया की मृत्यु सर्पदंश से दुर्घटनावश हुई सामान्य मृत्यु नहीं अपितु उसकी जीवन बीमा कराकर क्लेम की राशि हड़प करने के उद्देश्य से आपराधिक षडयंत्र रचकर उनकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। जिसे आकाश पठारिया एवं जीवन बीमा एजेंट तारक देवनाथ ने मिलकर रचा था एवं अंजाम दिया। आकाश पठारिया एवं जीवन बीमा एजेंट तारक देवनाथ ने मिलकर उसकी नानी रानी पठारिया के नाम पर एक्सीडेंटल पॉलिसी लेकर उसे किसी सपेरे को कॉन्ट्रैक्ट देकर जहरीले सांप से डसवाकर मारने का तथा उसे दुर्घटना का रूप देकर उनके बीमा की दोगुनी क्लेम राशि प्राप्त करने का प्लान बनाया।

इस प्लान में आकाश पठारिया ने सपेरे को ढूंढकर उसे कॉन्ट्रैक्ट देने एवं हत्या को दुर्घटना का रूप देने की जिम्मेदारी लिया था। तारक देवनाथ ने रानी पठारिया का एक्सीडेंटल बीमा के लिए आवश्यक कागजात तैयार करवाने से लेकर बिना किसी अवरोध के क्लेम की राशि प्राप्त करने की जिम्मेदारी ली। आकाश ने रानी पठारिया की 26 दिसंबर 2022 को 3 लाख रूपए वार्षिक प्रीमियम वाली पॉलिसी कराने के बाद सपेरे पप्पू राम नेताम को उसके जहरीले सांप से रानी पठारिया को डसवाने के लिए 30 हजार रूपए में ठेका दिया और घटना दिनांक 2 मई 2023 को संबलपुर में सपेरे के डेरा में ले जाकर अपनी नानी को सांप से डसवाकर वापस बांदे घर ले आया और इस घटना को दुर्घटना का रूप दे दिया गया। हत्या के कुछ ही महीनों बाद तारक देवनाथ के प्रयास से दिनांक 15 नवंबर 2023 को क्लेम की राशि एक करोड़ दो लाख रुपए प्राप्त हो गई।

 रानी पठारिया की सर्पदंश करवाकर सुनियोजित तरीके से उनकी जीवन बीमा राशि को हड़प करने तथा इस हत्या को दुर्घटना के रूप देने के आपराधिक षड्यंत्र में थाना बांदे में धारा 302,420,201,120 बी भादवि पंजीबद्ध कर आरोपियों आकाश पठारिया, तारक देवनाथ, पप्पू राम नेताम को गिरफ्तार किया गया तथा आरोपियों से बैंक खाता पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पॉलिसी पेपर्स,ज्वेलरी, हत्या में प्रयुक्त वाहन स्कॉर्पियो, मोटरसाइकिल,10 लाख रुपए नगद, दो सांप एवं जड़ी-बूटी जब्त किया गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news