दुर्ग

दुर्ग लोस से कांग्रेस ने राजेन्द्र साहू पर लगाया दांव
10-Mar-2024 3:02 PM
दुर्ग लोस से कांग्रेस ने राजेन्द्र साहू पर लगाया दांव

सांसद विजय बघेल को भाजपा पहले ही घोषित कर चुकी है प्रत्याशी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 मार्च।
कांग्रेस ने आखिरकर लोकसभा चुनाव के लिए टिकट की घोषणा कर दी है। जैसे कयास लगाए जा रहे थे, वैसे ही टिकट का बंटवारा किए गए है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल को राजनांदगांव से प्रत्याशी बनाया गया है, लेकिन दो नामों ने बेहद चौंका दिया है। 

दुर्ग से सांसद रहे छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है, वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री युवा नेता राजेंद्र साहू को दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा के दिग्गज  नेता एवं छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षामंत्री बृजमोहन अग्रवाल के सामने कांग्रेस के युवा नेता विकास उपाध्याय को  चुनावी मैदान में उतारा गया है। 

कोरबा में पूर्व राज्यसभा सदस्य और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय और कांग्रेस सांसद ज्योत्सना महंत के बीच मुकाबला होगा। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र की बात करें तो अब  यहां प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। भाजपा ने यहां से सांसद रहे विजय बघेल पर दूसरी बार भरोसा जताया है। जबकि कांग्रेस ने युवा नेता राजेंद्र साहू को मैदान में उतारा है।

श्री साहू छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी समर्थकों में से एक है। दुर्ग लोकसभा के चुनाव में जाति समीकरण हमेशा निर्णायक रहा है। विजय बघेल कूर्मि और राजेन्द्र साहू वर्ग से आते है। क्षेत्र में 20 फीसदी साहू और 15 फीसदी कूर्मी मतदाता है। दोनों दलों के प्रत्याशी व नेताओं का इस चुनाव में इस पर विशेष फोकस होगा। भाजपा-कांग्रेस द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। चौक-चौराहों पर प्रत्याशियों को लेकर आंकलन भी शुरु हो गया है। 

विजय बघेल को भाजपा द्वारा दोबारा उम्मीदवार बनाए जाने से पार्टी में अंतर्कलह की बातें सामने आने लगी हैं। इसके अलावा उनका कोई बड़ा काम लोगों को लोकसभा क्षेत्र में नजर नहीं आ रहा है। लोग पहले से नाखुश थे। इस सीट पर कांग्रेस के युवा चेहरे राजेंद्र साहू को प्रत्याशी बनाए जाने से भाजपा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 

भाजपा से विजय बघेल इस समय सांसद हैं। वे पिछली चुनाव में 3,91,978 वोटों के बड़े अंतर से चुनाव जीते थे। उन्होंने कांग्रेस की प्रतिमा चंद्राकर को चुनाव हराया था। मोदी लहर में उनकी भी चल निकली थी। इस बार ऐसा माहौल बनते नजर नहीं आ रहा है। विजय बघेल को लेकर कार्यकर्ताओं में जहां पहले की तरह उत्साह नहीं है। वहीं आम जनता के बीच भी बघेल अपनी छवि बनाने में कमजोर साबित हुए हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें चुनाव घोषणा समिति का संयोजक बनाया था। विस चुनाव के जीत में श्री बघेल का अहम रोल रहा, लेकिन योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। महतारी वंदन योजना को लेकर महिलाएं लगातार दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं। जिन महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा, वे सीधे भाजपा के खिलाफ खड़ी हो गई हैं।

ज्ञात हो कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बाद भी दुर्ग सीट से भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा था। कांग्रेस के ताम्रध्वज साहू ने यह चुनाव जीत लिया था।  वे छत्तीसगढ़ से एक मात्र कांग्रेसी सांसद थे। 11 में से 10 सीटें भाजपा ने जीती, सिर्फ दुर्ग से कांग्रेस दिल्ली तक पहुंच पाई थी। 

इधर कांग्रेस ने युवा चेहरा राजेन्द्र साहू को दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारकर बड़ा दांव खेला है, जिसके कई राजनीतिक मायने भी है। कांग्रेस में दुर्ग से लोकसभा चुनाव के लिए दिग्गज नेताओं की फौज है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, प्रदीप चौबे, प्रतिमा चंद्राकर, बीडी कुरैशी जैसे कांग्रेस नेता हैं। इन सब के बीच पार्टी ने राजेंद्र साहू को टिकट दी है। इन सबके बीच राजेंद्र साहू एक ऐसा नाम है, जिनका व्यापक जनाधार है। उनकी स्वच्छ और मृदुभाषी छवि उन्हें लोगों का मुरीद बना रही है। राजेंद्र साहू पहले महापौर और विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। वे जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक दुर्ग के अध्यक्ष भी रह चुके हंै।

वर्तमान में वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पद का दायित्व बखूबी संभाल रहे हंै। श्री साहू को चुनाव संचालन का भी बड़ा अनुभव है। उनके सक्रियता से पूरे लोकसभा क्षेत्र में उनके समर्थकों की बढ़ोत्तरी हुई है। वर्तमान में उनका जनाधार भाजपा के लिए सबसे बड़ा खतरा है। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र साहू समाज बाहुल्य क्षेत्र है। जो श्री साहू के पक्ष को मजबूत बनाते नजर आ रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news