बलौदा बाजार

परिसीमन नहीं होने से पालिका क्षेत्र से जुड़े गांव पर भी पड़ेगा प्रभाव
23-Jul-2024 2:29 PM
परिसीमन नहीं होने से पालिका क्षेत्र  से जुड़े गांव पर भी पड़ेगा प्रभाव

पुराने परिसीमन पर ही होगा नगरपालिका क्षेत्र का चुनाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 जुलाई।
नगर पालिका क्षेत्र बलौदाबाजार अंतर्गत नवंबर में होने वाला चुनाव पिछले परिसीमन के अनुसार ही कराया जाएगा। तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक द्वारा परिसीमन के लिए किए गए सर्वे के आधार पर यह तथ्य सामने आया है कि 2019 के चुनाव से पहले किए गए परिसीमन और वर्तमान के सर्वे में नगर की जनसंख्या में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है, इसलिए नगर पालिका क्षेत्र में परिसीमन की आवश्यकता ही नहीं है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन को शहर की सीमाओं से लगे हुए हिस्से जहां तक नगर का विस्तार हो चुका है, को नगर पालिका में शामिल करने का प्रस्ताव भेजना था परंतु यह कार्य भी नगर पालिका की जिम्मेदार नहीं कर पाए, जिसके चलते यह स्थिति निर्मित हुई है।  यदि समय रहते पालिका का क्षेत्र विस्तार व परिसीमन का कार्य कर लिया जाता तो पालिका में जनसंख्या वृद्धि के साथ राजस्व में भी वृद्धि होती। यही नहीं इसी वजह से वर्ष 1973 की गठित जिला की इकलौती और सबसे पुरानी नगर पालिका विकास की दौड़ से पीछे छूट गई है।

शहर क्षेत्र का भौगोलिक क्षेत्र तेजी से बढक़र दुगना हो गया। नगर पालिका के क्षेत्र विस्तार हेतु अब इंतजार और बढ़ गया है। यदि प्रशासनिक अधिकारियों ने सर्वे करा कर शहर सीमा से लगे ग्राम पंचायत और नगर बलौदाबाजार नगर पालिका क्षेत्र में शामिल करने की सिफारिश किया होता तो कॉलोनाइजर द्वारा निर्मित बहुत सी कालोनियां सहित व्यावसायिक परिसर और मकान भी शहर की सीमा में शामिल हो जाते, जिससे नगर पालिका को टैक्स और राजस्व में वृद्धि होती। क्षेत्र का विकास होता तो जनसंख्या बढ़ती और वार्ड भी बढ़ाते, जिससे शासन को निधि के रूप में मिलने वाली राशि बढ़ती। गौरतलब है कि शहर सीमा से लगे गांव में बनी कालोनियां और बंगले नगर निवेश के मास्टर प्लान में तो आते हैं मगर नगर पालिका क्षेत्र में नहीं आते हैं।

बलौदाबाजार शहर 755 हेक्टेयर क्षेत्र तक फैला
वर्तमान में पालिका का क्षेत्र की सीमा रायपुर रोड में खोर्सी नाला के पहले तक लवन रोड में शंकर ट्रेडर्स तक परसाभदेर रोड नहर तक लटुवा नाला रिसदा रोड में काली मंदिर भाटापारा रोड में कलेक्ट्रेट बांग्ला तक सोनपुरी रोड में नहर तक शामिल है, वहीं बलौदाबाजार शहर करीब 755 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। वर्तमान में शहर अथवा पालिका क्षेत्र के विस्तार की आवश्यकता है, लेकिन 51 वर्ष पूर्व नगर पालिका के क्षेत्र का विस्तार रिकॉर्ड में नहीं हो पाया है। पालिका क्षेत्र के नक्शा के अनुसार शहर का वर्तमान क्षेत्रफल 10.74 वर्ग किलोमीटर में फैल चुका है, परंतु 21 वार्ड वाले इस निकाय की सीमा महज 7.55 वर्ग किलोमीटर में ही सिमट कर रह गई है।

5 वर्ष पूर्व मतदाताओं की संख्या 22000 थी 
5 वर्ष पहले नए सिरे से हुए परिसीमन में मतदाताओं की संख्या 22000 दर्ज की गई थी। वर्ष 2012 से 2017 के पंचवर्षीय कार्यकाल में इस निकाय के क्षेत्र के विस्तार की कवायद प्रारंभ जरूर हुई, लेकिन आगे नहीं बढ़ पाई। बाद में शासन को प्रस्ताव भेज कर स्वीकृति दिलाने में जनप्रतिनिधियों ने रुचि नहीं ली, जिसके चलते शहर से जुड़ चुके ग्राम व क्षेत्र की करीब 57000 की जनसंख्या शहर में शामिल नहीं हो पाई।

इस संबंध में नगर पालिका के निर्वाचन अधिकारी आनंद राठौर ने बताया कि वर्ष 2019 के अलावा 2024 में भी क्षेत्र विस्तार के लिए शासन को कोई भी प्रस्ताव बनाकर नहीं भेजा गया है।

वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी खिरोड़ भोई ने कहा कि सर्वे के बाद पुरानी परिसीमन के आधार पर ही चुनाव कराए जाने हैं। नए परिसीमन नहीं होगा। वार्डों की संख्या यथावत रहेगी। सिर्फ आरक्षण की प्रक्रिया ही नए सिरे से होगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news