बालोद

कोरोना संक्रमित भाजपा जिलाध्यक्ष के घर के सामने युकां का प्रदर्शन!
13-Jan-2021 5:55 PM
कोरोना संक्रमित भाजपा जिलाध्यक्ष के घर के सामने युकां का प्रदर्शन!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद, 13 जनवरी।
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय के सामने मंगलवार को युवक कांग्रेस द्वारा किसानों के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया गया, जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आपत्ति जताई है। महामंत्रियों ने कहा है कि हमारे जिला भाजपा के अध्यक्ष कृष्णकांत पवार करोना वायरस से संक्रमित हैं और आगामी 16 जनवरी तक होम आइसोलेट में हैं, ऐसे में इन युवक कांग्रेसियों का प्रदर्शन लाजमी नहीं है। एक क्वॉरेंटाइन व्यक्ति के घर के बाहर भी जाकर प्रदर्शन किया गया जो कि कतई उचित नहीं है ऐसी घटनाएं कांग्रेस को शोभा नहीं देती और यह बताती है कि कांग्रेसियों में मानवता जैसी कोई चीज बाकी नहीं रही, वहीं पुलिस पर भी शह देने का आरोप लगाया है।

भाजपा जिला महामंत्री किशोरी साहू ने बताया कि अगर पुलिस द्वारा सख्त रवैया अपनाया जाता तो बैरिकेडिंग तोडक़र कांग्रेसी भाजपा कार्यालय के समीप नहीं पहुंचते। भाजपा कार्यालय से दूर उन्होंने क्वॉरेंटाइन जिला अध्यक्ष के घर के सामने भी जाकर प्रदर्शन किया है जो कि उचित नहीं है। क्या प्रशासन ऐसी अनुमति देता है क्या उन पर आगे किसी तरह की कार्रवाई की जाती है यदि कोई बैरिकेडिंग भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा तोड़ा जाता तो अभी तक उनके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया जा चुका होता। आखिर क्यों पुलिस प्रशासन द्वारा इन लोगों को छूट दी जा रही है।

इसके साथ ही भाजपा जिला महामंत्री प्रमोद जैन ने भी कांग्रेस की स्थिति की कड़ी निंदा की है और कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे युवक कांग्रेसीयों द्वारा इस तरह का कृत्य करना शोभिनी नहीं है। पुलिस प्रशासन द्वारा भी उनके लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। बैरिकेडिंग तोडऩे के बावजूद भी उन्हें धरना प्रदर्शन करने के लिए छूट पुलिस द्वारा दी गई जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं।

पूर्व विधायक प्रीतम साहू ने कहा कि बारदाना की व्यवस्था प्रदेश सरकार को करनी होती है। किसानों के लिए युवक कांग्रेस चिंतित है तो अपनी सरकार व अपने मुख्यमंत्री को घेरे। जन घोषणा पत्र में किए अपने वादे को मोदी जी या भाजपा से करवानी हो तो सत्ता छोड़ दें।
प्रदेश भाजपा मंत्री राकेश यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान और जनता को लोकलुभावन वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। अपनी घटती लोकप्रियता एवं जनाधार को छुपाने के लिए ऐसे अमानवीय प्रदर्शन की निंदा करता हूं।

भाजपा नेता पवन साहू ने कहा कि धान खरीदी की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है। भूपेश बघेल की सरकार के कुप्रबंधन से आज हर किसान दुखी है। अधिकतर धान खरीदी केंद्र बंद हो गए हैं। साल बीत जाने के बाद भी पिछले वर्ष का पैसा नहीं दे पा रहे हैं। किसानों के हितैषी बताने वाली सरकार किसानों का कितना हित कर रही है वह आज एक एक किसान के आंसू बता रहे हैं।

जिला महामंत्री किशोरी साहू और प्रमोद जैन सहित सभी मंडल अध्यक्ष सुरेश निर्मलकर प्रेम साहू दुष्यंत सोनवानी गोविंद वाधवानी मनीष झा रुपेश सिन्हा कौशल साहू प्रणेश जैन टिनेश्वर बघेल  सहित भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने कहा कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है। अपने देश के प्रधानमंत्री की गरिमा को ध्यान में ना रखते हुए स्तरहीन शब्दों का प्रयोग युवक कांग्रेस द्वारा किया गया, जो देश की गरिमा के हित में नहीं है। हम सभी उनकी कृत्य की निंदा करते हैं तथा उन्होंने गैर मानवता दिखाते हुए आज जो प्रदर्शन किया है उसका जवाब हम विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस को जरूर देंगे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news