बलौदा बाजार

वाहन चलाते नाबालिग मिले तो अब पालकों पर गिरेगी गाज
16-Mar-2021 7:54 PM
 वाहन चलाते नाबालिग मिले तो अब पालकों पर गिरेगी गाज

   101 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 16 मार्च। जिले में बीते दिनों यातायात पुलिस विभाग द्वारा एक माह तक यातायात जागरुकता माह का आयोजन किए जाने के बाद भी लोगों में जागरुकता नहीं आने तथा जिले में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से दुर्घटनाओं में हो रही वृद्धि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के बाद अब यातायात पुलिस ने फिर से कड़ाई से जांच प्रारंभ की है। जिसमें पहले ही दिन शनिवार को 101 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार अब नाबालिगों द्वारा दो पहिया तथा चार पहिया वाहन चलाए जाने पर उनके पालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार के प्रकरण सीधे न्यायालयों में प्रस्तुत किए जाएंगे।

जिले में सडक़ दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या तथा बीते एक सप्ताह के दौरान सडक़ हादसो में पुलिस विभाग के एक सहायक उप निरीक्षक सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत होने पर पुलिस अधीक्षक आईके एलेसेला ने सडक़ दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघंन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय रायपुर में शुक्रवार को यातायात विभाग की आहूत समीक्षा बैठक में सहायक पुलिस महानिरीक्षक ने भी बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों का उल्लघंन करने के दोषियों पर कार्रवाई करते हुए चालान सीधे न्यायालय में पेश करने का निर्देश दिया गया है।

जिले में बढ़ रहीं सडक़ दुर्घटनाएं

5 मार्च को लाहोद के पास तेज रफ्तार ट्रक द्वारा ट्रैक्टर को चपेट में लिए जाने से ट्रैक्टर चालक हेमराम वर्मा की मृत्यु, 11 मार्च को पलारी पुलिस स्टेशन में एएसआई देवनाथ वर्मा की सडक़ दुर्घटना में मृत्यु समेत प्रतिदिन कई छुटपुट सडक़ दुर्घटनाएं हो रही हैं। गत तीन वर्षों में जिले में 1951 सडक़ हादसों में 719 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 1800 लोग घायल हुए हैं। जबकि सैकड़ो छुटपुट मामलों में शिकायत दर्ज नहीं होने से वास्तविक घायलों की किसी को जानकारी ही नहीं मिल पाती है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 में ही कुल 686 सडक़ दुर्घटना में 246 व्यक्तियों की मौत हुई है, जबकि 530 व्यक्ति घायल हुए हैं। वहीं 2019 में कुल 677 दुर्घटनाएं घटित हुई, जिनमें 261 व्यक्तियों की मृत्यु होने के अलावा 680 व्यक्ति घायल हुए हैं। वर्ष 2020 में कोविडकाल के दौरान यात्री वाहनों का परिचालन करीब 6 माह बंद रहने के बावजूद जिले में 580 सडक़ दुर्घटनाओं में 212 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 590 लोग सडक़ हादसों के शिकार होकर गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।

दो पुलिसकर्मियों का भी कटा चालान

पुलिस अधीक्षक एवं विभागीय वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद सिंह के नेतृत्व में यातायात विभाग के अमले द्वारा शनिवार से जिले में कड़ाई से जांच अभियान प्रारंभ किया गया है। शनिवार को बलौदा बाजार के रिसदा एवं लवन बाइपास मार्ग पर बिना हेलमेट लगाए दो पहिया वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाते मिले 101 वाहन चालको के खिलाफ कार्रवाई कर 50 हजार 500 रूपए समन शुल्क वसूल किया गया है। वहीं, यातायात नियमों की अवहेलना किए जाने पर की जा रही कार्रवाई के दौरान पुलिस विभाग के दो जवानों को भी बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाते हुए मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए समन शुल्क वसूल किया गया है।

प्रकरण सीधे न्यायालय में पेश किया जाएगा

सडक़ दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या और जनधन की हानि को रोकने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देश का पालन करते हुए नाबालिगों के दोपहिया वाहन चलाते हुए मिलने, बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चलाने, मदिरापान करके वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट व अन्य नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण सीधे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news