गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 4 दिसंबर। भाजपा खोरपा मंडल महामंत्री नेहरू लाल साहू के नेतृत्व में मध्यान्ह भोजन राशि की भुगतान की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी अभनपुर को ज्ञापन सौंपा गया।
नेहरूलाल साहू ने बताया कि अभनपुर विकासखंड के अंतर्गत प्राइमरी एवं मिडिल स्कूल के मध्यान्ह भोजन पकाने वाली महिला स्व सहायता समूह को पिछले 5-6 महीने से राशि का भुगतान नहीं किया गया है। जिससे महिला स्व सहायता समूह के मध्यान भोजन के संचालन करने में असमर्थता की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दिनों ग्राम पंचायत पिपरौद, कुर्रा, सोनेसिली के महिला स्व सहायता समूह ने विकास खंड शिक्षा अधिकारी को समस्या से अवगत करा कर समस्या के निदान के लिए प्रार्थना पत्र भी दिया गया एवं अपनी असमर्थता जताते हुए स्पष्ट किया कि यदि हफ्तों में भुगतान नहीं किया गया तो उनको मध्यान्ह भोजन के संचालन बंद करना पड़ेगा।
भाजपा खोरपा मंडल महामंत्री ने ज्ञापन के दौरान तहसीलदार अभनपुर से इस विषय पर चर्चा करते हुए इसे अति आवश्यक एवं महत्वपूर्ण समस्या बताते हुए तत्काल निदान करने की मांग की। नेहरू साहू ने इस विषय पर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए हुए कहा यह केवल अभनपुर खंड की समस्या नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के अनेक समूहों के भुगतान ना होने से महिला स्व सहायता समूह पीडि़त महसूस कर रहे हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान अभनपुर मंडल अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, पार्षद बबला यादव, महेश कुमार साहू, शशिकांत साहू, नरेंद्र साहू, शत्रुघ्न, मनीष मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित आदि उपस्थित थे।